Women’s Asia Cup: टीम इंडिया का धमाकेदार आगाज, थाईलैंड को 94 रन से रौंदा; शेफाली का अर्धशतक, दीप्ति-नंदिनी का गेंद से कमाल
दुबई: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला एशिया कप में शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। भारत ने अपने पहले मुकाबले में थाईलैंड को 94 रन से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 159 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी थाईलैंड की पूरी टीम 16.1 ओवर में 65 रन पर सिमट गई। भारत की जीत में शेफाली वर्मा ने बल्ले से 64 रन की तूफानी पारी खेली, जबकि दीप्ति शर्मा और नंदिनी शर्मा ने गेंद से थाई बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया। दीप्ति ने बिना कोई रन दिए तीन विकेट हासिल किए।
भारतीय गेंदबाजों के सामने थाईलैंड की बल्लेबाजी ढेर
160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थाईलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। थाईलैंड की ओर से नानापट कोंचारोएनकाई ही भारतीय गेंदबाजों का कुछ मुकाबला कर सकीं। उन्होंने 41 रन बनाए। उनके अलावा थाईलैंड का कोई भी बल्लेबाज 6 रन से ज्यादा नहीं बना सका। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा और नंदिनी शर्मा ने 3-3 विकेट झटके। श्री चरणी को 2 और क्रांति गौड़ को 1 विकेट मिला।
स्मृति मंधाना ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
टॉस जीतकर थाईलैंड ने भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने पारी की शुरुआत की। मंधाना 10 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 19 रन बनाकर रन आउट हो गईं। हालांकि कम स्कोर पर आउट होने के बावजूद मंधाना ने महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में एक बड़ा मुकाम हासिल किया। वह महिला अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाली दूसरी बल्लेबाज बन गईं और सूजी बेट्स को पीछे छोड़ दिया। बेट्स के नाम 10,740 रन हैं, जबकि मिताली राज 10,868 रन के साथ इस सूची में शीर्ष पर हैं।
शेफाली वर्मा ने 26 गेंदों में जड़ा अर्धशतक
मंधाना के आउट होने के बाद शेफाली वर्मा ने भारतीय पारी की रफ्तार कम नहीं होने दी। उन्होंने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए लगातार चौके और छक्के लगाए। भारत ने पावरप्ले में एक विकेट खोकर 65 रन बनाए, जो महिला टी20 एशिया कप में पावरप्ले का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले यह रिकॉर्ड भी भारत के नाम था, जब 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ टीम ने पावरप्ले में बिना विकेट गंवाए 59 रन बनाए थे। शेफाली ने महज 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
शेफाली के आउट होते ही लड़खड़ाई भारतीय पारी
भारतीय पारी 13वें ओवर में अचानक दबाव में आ गई। थिपात्चा फुथावोंग ने कप्तान हरमनप्रीत कौर को 5 रन पर आउट किया था। इसके बाद सुलीपोर्न लाओमी ने लगातार दो गेंदों पर शेफाली वर्मा और ऋचा घोष को पवेलियन भेज दिया। शेफाली ने 36 गेंदों में 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 64 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद भारतीय बल्लेबाजी बिखर गई और 137 रन के स्कोर तक 9 विकेट गिर गए। आखिर में श्री चरणी और क्रांति गौड़ ने 22 रन की साझेदारी कर टीम को 159 रन तक पहुंचाया। क्रांति ने 8 गेंदों पर 15 रन बनाए, जबकि श्री चरणी 6 रन बनाकर नाबाद रहीं। थाईलैंड की ओर से सुलीपोर्न ने 3 और सुनिदा चातुरोंग्राटाना ने 2 विकेट लिए। थिपात्चा और चानिदा को 1-1 सफलता मिली।
प्रतिका रावल का टी20 अंतरराष्ट्रीय पदार्पण
थाईलैंड के खिलाफ मुकाबला प्रतिका रावल के लिए भी खास रहा। उन्होंने इस मैच के जरिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया। मुकाबले से पहले कप्तान हरमनप्रीत कौर ने उन्हें पदार्पण की टोपी सौंपी। प्रतिका के चयन को लेकर लगातार चर्चा चल रही थी और आखिरकार उन्हें भारत की टी20 टीम में डेब्यू का मौका मिला।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन
भारत: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, प्रतिका रावल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, प्रेमा रावत, एन श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदिनी शर्मा
थाईलैंड: अपिसारा सुवानचोंराठी, नाटाकन चांतम, फानिता माया, नानापट कोंचारोएनकाई (विकेटकीपर), चानिदा सुथिरुआंग, नाओमी हेमिल्टन, सुलीपोर्न लाओमी, नानाफट चाएहान, सुनिदा चातुरोंग्राटाना, थिपात्चा फुथावोंग (कप्तान), ओनिचा काम्चोंफू





