UP में PRD जवानों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, ड्यूटी भत्ता बढ़ाकर ₹600 किया; परिवार समेत 5 लाख तक कैशलेस इलाज
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के स्वयंसेवकों के लिए ड्यूटी भत्ता बढ़ाने के साथ कैशलेस चिकित्सा सुविधा की भी शुरुआत की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन में दोनों घोषणाएं कीं। अब पीआरडी जवानों को 500 रुपये की जगह 600 रुपये प्रतिदिन का ड्यूटी भत्ता मिलेगा। वहीं, जवानों और उनके परिवार के सदस्यों को हर साल 5 लाख रुपये तक के मुफ्त कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध होगी।
लखनऊ में बनेगा करीब 23 करोड़ रुपये का बहुमंजिला बैरक
गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीआरडी स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा कार्ड वितरित कर ‘मुख्यमंत्री पीआरडी कैशलेस चिकित्सा योजना’ की शुरुआत की। इसके साथ ही उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुमंजिला पीआरडी बैरक का शिलान्यास भी किया।
आठ साल में चौथी बार बढ़ा ड्यूटी भत्ता
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1948 में गठित पीआरडी के स्वयंसेवकों को वर्ष 2019 तक 250 रुपये प्रतिदिन का ड्यूटी भत्ता मिलता था। वर्ष 2019 में इसे बढ़ाकर 375 रुपये और 2022 में 395 रुपये किया गया। वर्ष 2025 में भत्ता बढ़ाकर 500 रुपये प्रतिदिन किया गया था। अब इसे बढ़ाकर 600 रुपये प्रतिदिन किया जा रहा है। इस तरह आठ वर्षों में पीआरडी जवानों का दैनिक भत्ता 250 रुपये से बढ़कर 600 रुपये हो जाएगा।
कानून व्यवस्था से लेकर आपदा और चुनाव ड्यूटी तक निभाते हैं जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने में पीआरडी स्वयंसेवक पुलिस और प्रशासन के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले पीआरडी जवानों को पर्याप्त ड्यूटी नहीं मिलती थी, लेकिन अब स्थिति बदल गई है और ड्यूटी के लिए जवान कम पड़ रहे हैं।
पीआरडी स्वयंसेवकों ने आपदा प्रबंधन, महाकुंभ, दीपोत्सव, रंगोत्सव, यातायात संचालन और चुनाव ड्यूटी समेत विभिन्न जिम्मेदारियों में प्रशासन और पुलिस का सहयोग किया है। मुख्यमंत्री ने उनके अनुशासन, समर्पण और सेवाभाव की सराहना की।
31 हजार से ज्यादा जवानों और परिवारों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पीआरडी स्वयंसेवकों और उनके परिवार के सदस्यों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा दे रही है। इसके तहत 31 हजार से अधिक पीआरडी स्वयंसेवक किसी भी सरकारी या सरकार से संबद्ध अस्पताल में हर साल 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज करा सकेंगे। परिवार के सदस्यों को शामिल करने पर इस योजना से 1 लाख 55 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिलने की बात कही गई है।
10 स्वयंसेवकों को वितरित किए गए कैशलेस चिकित्सा कार्ड
सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10 पीआरडी स्वयंसेवकों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरित किए। इनमें गोरखपुर के अजय, भीमसेन, धीरेंद्र और उमेश कुमार, लखनऊ की स्नेहलता रावत और अनामिका वर्मा, कुशीनगर की चंदा भारती, मऊ के जय सिंह, चंदौली के मोहम्मद शाकिर और वाराणसी के किशन गुप्ता शामिल रहे।





