AGM से पहले टाटा संस में बड़ा बदलाव! चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने दिया इस्तीफा, फरवरी 2027 तक संभालेंगे पद
नई दिल्ली: टाटा ग्रुप से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह कदम 18 अगस्त को होने वाली टाटा संस की सालाना आम बैठक यानी एजीएम से पहले उठाया है। हालांकि, चंद्रशेखरन फरवरी 2027 तक अपने मौजूदा कार्यकाल में पद पर बने रहेंगे, लेकिन इसके बाद दोबारा नियुक्ति नहीं लेंगे।
दोबारा नियुक्ति को लेकर मतभेद की चर्चा
एन चंद्रशेखरन का इस्तीफा ऐसे समय सामने आया है, जब टाटा समूह अपने कई कारोबारों से जुड़ी चुनौतियों का सामना कर रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टाटा संस और टाटा ट्रस्ट्स के बीच चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति को लेकर मतभेद चल रहे थे।
टाटा समूह की सबसे अहम होल्डिंग कंपनी है टाटा संस
टाटा संस करीब 400 अरब डॉलर के टाटा समूह की प्रमुख होल्डिंग कंपनी है। यह टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाटा मोटर्स और एयर इंडिया समेत 30 से अधिक कंपनियों को नियंत्रित करती है। टाटा संस में टाटा ट्रस्ट्स की 66 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
लिस्टिंग को लेकर भी सामने आया मतभेद
रिपोर्ट्स के मुताबिक, टाटा समूह के भीतर चल रहे मतभेदों के बीच टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा की ओर से कई शर्तें रखी गई थीं। इनमें एक प्रमुख शर्त यह थी कि टाटा संस को कभी सूचीबद्ध नहीं किया जाएगा।
मामले से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि एन चंद्रशेखरन इस शर्त के लिए तैयार नहीं थे। इसी समेत कई मुद्दों को लेकर टाटा संस के बोर्ड में दोनों पक्षों के बीच मतभेद चल रहे थे।
AGM से पहले इस्तीफे से बढ़ी हलचल
एन चंद्रशेखरन का इस्तीफा 18 अगस्त को होने वाली सालाना आम बैठक से कुछ दिन पहले सामने आया है। हालांकि वह फरवरी 2027 तक अपने मौजूदा कार्यकाल में पद पर बने रहेंगे, लेकिन पुनर्नियुक्ति नहीं लेने का उनका फैसला टाटा समूह के नेतृत्व और भविष्य की रणनीति को लेकर अहम माना जा रहा है।





