सावन में कांवड़ियों को बड़ी राहत: मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर टोल फ्री, सुरक्षा के लिए किए गए विशेष इंतजाम

1-3

लखनऊ: सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और क्यूब हाईवे इंफ्रा ने मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर विशेष व्यवस्थाएं लागू की हैं। कांवड़ियों के वाहनों को टोल शुल्क से पूरी तरह मुक्त कर दिया गया है, जबकि यात्रा को सुगम बनाने के लिए एक्सप्रेसवे की दोनों दिशाओं में एक-एक लेन विशेष रूप से कांवड़ियों के लिए आरक्षित की गई है।

एनएचएआई के अधिकारियों के अनुसार, कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों के वाहन लेन नंबर 1 से 19 तक किसी भी लेन से बिना टोल शुल्क दिए आवागमन कर सकेंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य टोल प्लाजा पर लगने वाली भीड़ और जाम से श्रद्धालुओं को राहत देना है, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित और सहज बनी रहे।

आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन जारी

यात्रियों की सहायता के लिए 9762291221 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। सड़क दुर्घटना, वाहन खराब होने या किसी अन्य आपात स्थिति में इस नंबर पर तत्काल संपर्क किया जा सकता है। परतापुर से डासना तक पूरे एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। इसके लिए 135 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। साथ ही तीन एंबुलेंस, तीन हाइड्रा क्रेन, तीन पेट्रोलिंग वाहन और एक रिकवरी वैन भी सेवा में लगाई गई हैं।

सिवाया टोल प्लाजा पर विशेष व्यवस्था

कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सिवाया टोल प्लाजा पर मेरठ की ओर जाने वाली पांच लेनों को बिना बैरियर के संचालित किया जा रहा है। इनमें से एक लेन विशेष रूप से बाइक से यात्रा करने वाले कांवड़ियों के लिए आरक्षित की गई है, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए टोल प्लाजा पर शुद्ध पेयजल की भी व्यवस्था की गई है।

दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे पर बढ़ी टोल दरें

एक ओर जहां कांवड़ियों को मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर टोल में राहत दी गई है, वहीं दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले अन्य यात्रियों को अब अधिक टोल शुल्क देना होगा। एक अगस्त से गणेशपुर, रसूलपुर और सैयदमाजरा टोल प्लाजा पर नई दरें लागू हो गई हैं।

नई दरों के तहत गणेशपुर टोल प्लाजा पर कार, जीप और वैन के लिए एक तरफ का टोल 145 रुपये से बढ़ाकर 155 रुपये कर दिया गया है, जबकि एक ही दिन में वापसी करने वाले वाहनों के लिए शुल्क 230 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं सैयदमाजरा टोल प्लाजा पर एक तरफ का टोल 85 रुपये से बढ़ाकर 115 रुपये कर दिया गया है और उसी दिन वापसी करने वाले वाहनों को 170 रुपये का शुल्क देना होगा।

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र