CWG 2026: हरजिंदर कौर और गुलवीर सिंह ने रचा इतिहास, भारत की झोली में आए दो और सिल्वर; बॉक्सिंग में भी 3 पदक पक्के

000000000-24 (1)

नई दिल्ली: ग्लासगो में जारी कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। मंगलवार को वेटलिफ्टर हरजिंदर कौर और लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने अपने-अपने मुकाबलों में रजत पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया। वहीं, भारतीय मुक्केबाजों ने भी दमदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई और देश के लिए कम से कम तीन पदक सुनिश्चित कर दिए।

पदक तालिका में भारत नौवें स्थान पर

इन सफलताओं के बाद भारत के खाते में अब तक 2 स्वर्ण, 7 रजत और 3 कांस्य सहित कुल 12 पदक हो गए हैं। पदक तालिका में भारत फिलहाल नौवें स्थान पर है। वहीं ऑस्ट्रेलिया 33 स्वर्ण, 17 रजत और 27 कांस्य समेत कुल 77 पदकों के साथ शीर्ष पर बना हुआ है।

हरजिंदर कौर ने किया करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन

महिलाओं के 69 किलोग्राम भार वर्ग में 29 वर्षीय हरजिंदर कौर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक जीतने वाली हरजिंदर ने इस बार अपने प्रदर्शन में सुधार करते हुए भारत को वेटलिफ्टिंग का सातवां पदक दिलाया।

स्नैच स्पर्धा में उन्होंने पहले 99 किलोग्राम और फिर अंतिम प्रयास में 101 किलोग्राम वजन उठाकर दो बार कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड में सुधार किया। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में 123 किलोग्राम और फिर 126 किलोग्राम वजन उठाते हुए कुल 227 किलोग्राम का स्कोर बनाया।

हालांकि कनाडा की चार्लोट सिमोनो ने 108 किलोग्राम स्नैच और 132 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क सहित कुल 240 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

10,000 मीटर दौड़ में गुलवीर सिंह का ऐतिहासिक रजत

लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। वह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए।

बारिश और पानी से भरे ट्रैक के बावजूद गुलवीर ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 27 मिनट 49.78 सेकंड का समय निकाला और ऑस्ट्रेलिया के काई रॉबिन्सन से महज 0.85 सेकंड पीछे रहे। रॉबिन्सन ने 27 मिनट 48.93 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता।

विशाल टीके सेमीफाइनल में पहुंचे

एथलेटिक्स में भारत के राष्ट्रीय रिकॉर्डधारी विशाल टीके ने पुरुषों की 400 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल में जगह बनाई। उन्होंने अपनी हीट में 46.49 सेकंड का समय निकालकर दूसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा के सेमीफाइनल मुकाबले 30 जुलाई को खेले जाएंगे।

बॉक्सिंग में तीन पदक हुए सुनिश्चित

भारतीय मुक्केबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन जारी रखा। एशियाई चैंपियन प्रिया घंघास, प्रीति पवार और जादुमनी सिंह ने अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। इसके साथ ही भारत के लिए कम से कम तीन कांस्य पदक सुनिश्चित हो गए।

प्रीति पवार ने 54 किलोग्राम वर्ग में उत्तरी आयरलैंड की निकोल क्लाइड को 5-0 से हराया। वहीं प्रिया घंघास ने 60 किलोग्राम वर्ग में मेजबान खिलाड़ी नियाम मिशेल को 4-1 से मात दी। पुरुषों के 55 किलोग्राम वर्ग में जादुमनी सिंह ने जाम्बिया के मवेंगो मवाले को हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।

परवीन हुड्डा और कपिल पोखरिया बाहर

महिलाओं के मुकाबले में परवीन हुड्डा को इंग्लैंड की साचा हिकी के खिलाफ 2-3 से हार का सामना करना पड़ा। वहीं पुरुषों के 90 किलोग्राम वर्ग में कपिल पोखरिया भी अपना मुकाबला हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र