जनता दर्शन में पुलिस की शिकायतों पर CM योगी सख्त, बोले- थाना-चौकी स्तर पर हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं; भू-माफिया पर कार्रवाई के निर्देश
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनता दर्शन में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पुलिस से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि थाना, चौकी और बीट स्तर पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को शिकायतों का तेजी से और नियमों के तहत निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर पीड़ित की उचित समस्या का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों का संवेदनशीलता और तत्परता के साथ निस्तारण किया जाए। साथ ही पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और जरूरतमंदों के इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
हर फरियादी के पास खुद पहुंचे सीएम योगी
जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास खुद पहुंचे और उनकी समस्याएं ध्यान से सुनीं। उन्होंने लोगों से उनकी शिकायतों के बारे में जानकारी ली और प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को भेजते हुए त्वरित एवं संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने फरियादियों को भरोसा दिलाया कि उनकी उचित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस की लापरवाही पर वरिष्ठ अधिकारियों को चेतावनी
जनता दर्शन में कुछ लोगों ने पुलिस से संबंधित समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। शिकायतें सुनने के बाद योगी आदित्यनाथ ने पुलिस आयुक्त, एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसएसपी स्तर के अधिकारियों को विशेष रूप से ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में थाना, चौकी या बीट स्तर पर हीलाहवाली की शिकायत स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने संबंधित मामलों में दोषियों के खिलाफ नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों का भी जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।
भू-माफिया और दबंगों पर हो कठोर कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने जमीन पर कब्जा करने वाले भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पीड़ितों को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े और उनकी शिकायतों पर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई हो।
बच्चों से पढ़ाई और रुचियों के बारे में पूछा
जनता दर्शन में अभिभावकों के साथ पहुंचे बच्चों से भी मुख्यमंत्री ने बातचीत की। उन्होंने बच्चों का हालचाल जाना और उनकी पढ़ाई के साथ-साथ उनकी रुचियों के बारे में पूछा। मुख्यमंत्री ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ने और खेल, संगीत तथा कला जैसी गतिविधियों में भी हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों को चॉकलेट दी और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।





