कांवड़ यात्रा से पहले योगी सरकार का बड़ा एक्शन, निर्बाध बिजली के लिए यूपीपीसीएल अलर्ट; ट्रांसफार्मर खराब हुआ तो अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

22A_22

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा और अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ऊर्जा विभाग ने पूरे प्रदेश में विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश जारी किए हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की बिजली संबंधी समस्या या दुर्घटना से बचा जा सके।

अपर मुख्य सचिव (ऊर्जा) एवं उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने डिस्कॉम अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर विद्युत सुरक्षा से जुड़े अनुरक्षण कार्य हर हाल में पूरे किए जाएं। साथ ही मंदिर समितियों और आयोजनकर्ताओं को भी विद्युत सुरक्षा के प्रति जागरूक करने को कहा गया है।

धार्मिक स्थलों पर होंगे विशेष सुरक्षा इंतजाम

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर क्षेत्र में चल रहे विद्युत सुधार कार्यों की जानकारी साझा की जाए। इसके अलावा सभी धार्मिक स्थलों पर बिजली व्यवस्था की विशेष निगरानी रखी जाए और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।

ट्रांसफार्मर खराब होने पर तय होगी जिम्मेदारी

ऊर्जा विभाग ने ट्रांसफार्मर खराब होने की घटनाओं में कमी लाने पर विशेष जोर दिया है। अधीक्षण अभियंताओं को इस संबंध में सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। स्पष्ट किया गया है कि यदि ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधीक्षण अभियंता के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

अस्थायी बिजली कनेक्शन में देरी पर भी होगी जांच

बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जहां अस्थायी विद्युत कनेक्शन देने में विलंब हुआ है, वहां जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अस्थायी कनेक्शन जल्द से जल्द स्वीकृत किए जाएं ताकि धार्मिक आयोजनों में बिजली संबंधी कोई बाधा न आए।

बरसात में फॉल्ट का तुरंत होगा निस्तारण

यूपीपीसीएल ने अनुरक्षण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि सभी कर्मचारी सुरक्षा उपकरण पहनकर ही कार्य करें, जिससे विद्युत दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके। वहीं बारिश के मौसम को देखते हुए नियमित क्षेत्र भ्रमण कर स्थानीय फॉल्ट का तत्काल निस्तारण करने और बिजली आपूर्ति सुचारु बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है।

पर्याप्त सामग्री उपलब्ध, आपदा में तेजी से बहाल होगी बिजली

डॉ. आशीष कुमार गोयल ने बताया कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में आवश्यक विद्युत सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। अधिशासी अभियंताओं को स्थानीय स्तर पर जरूरत के अनुसार सामग्री खरीदने के लिए वित्तीय अधिकार और धनराशि भी उपलब्ध कराई गई है, ताकि खराब मौसम या दैवी आपदा की स्थिति में कम से कम समय में बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में यूपीपीसीएल कांवड़ यात्रा के दौरान पूरे प्रदेश में सुरक्षित और निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र