घाटे से मुनाफे की ओर Air India की बड़ी उड़ान, अगले 18 महीनों में बेड़े में जुड़ेंगे 50-60 नए विमान
नई दिल्ली: टाटा समूह के अधिग्रहण के बाद एयर इंडिया अपने व्यापक ट्रांसफॉर्मेशन प्लान को तेजी से आगे बढ़ा रही है। कंपनी का फोकस परिचालन क्षमता बढ़ाने, सेवाओं को आधुनिक बनाने और घाटे से उबरकर मुनाफे की राह पर लौटने पर है। इसी रणनीति के तहत एयर इंडिया अगले करीब 18 महीनों में अपने बेड़े में 50 से 60 नए और आधुनिक विमान शामिल करने की तैयारी कर रही है।
एयर इंडिया के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) और एयर इंडिया एक्सप्रेस के चेयरमैन निपुण अग्रवाल ने बताया कि जनवरी 2022 में टाटा समूह के प्रबंधन संभालने के बाद कंपनी ने कई चुनौतियों का सामना किया, लेकिन इसके बावजूद पुनर्गठन कार्यक्रम तय दिशा में आगे बढ़ रहा है।
वैश्विक संकटों के बीच जारी है ट्रांसफॉर्मेशन प्लान
निपुण अग्रवाल के अनुसार, सप्लाई चेन में व्यवधान, विभिन्न देशों के एयरस्पेस से जुड़े विवाद, कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और भू-राजनीतिक तनाव जैसी वैश्विक परिस्थितियों का असर विमानन उद्योग पर पड़ा। इन चुनौतियों के कारण एयर इंडिया के ट्रांसफॉर्मेशन प्लान की गति प्रभावित हुई, लेकिन कंपनी ने अपने दीर्घकालिक लक्ष्य पर काम जारी रखा है।
मेंटेनेंस और आधुनिकीकरण पर बड़ा दांव
पांच वर्षीय पुनर्गठन योजना के तहत एयर इंडिया विमान बेड़े के आधुनिकीकरण, मरम्मत और रखरखाव पर बड़े पैमाने पर निवेश कर रही है। कंपनी पहले ही करीब 600 नए विमानों का ऐतिहासिक ऑर्डर दे चुकी है। हालांकि, अब तक इस ऑर्डर के 10 प्रतिशत से भी कम विमानों की डिलीवरी हुई है। शेष विमानों की आपूर्ति चरणबद्ध तरीके से वर्ष 2035 तक पूरी होने की उम्मीद है।
हर साल शामिल होंगे 50 से 60 नए विमान
कंपनी की योजना के मुताबिक अगले सात से आठ वर्षों तक हर साल 50 से 60 नए विमान बेड़े में जोड़े जाएंगे। इनमें 10 से 15 वाइड-बॉडी विमान और 45 से 50 नैरो-बॉडी विमान शामिल होंगे। वहीं, अगले 18 महीनों के भीतर एयर इंडिया समूह को लगभग 60 नए विमान मिलने की संभावना है।
पुराने विमानों को भी मिलेगा नया स्वरूप
नए विमानों की डिलीवरी के साथ-साथ एयर इंडिया अपने मौजूदा विमान बेड़े का भी व्यापक आधुनिकीकरण कर रही है। कंपनी के वाइड-बॉडी विमानों को अगले दो से तीन वर्षों में नए इंटीरियर और आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया जाएगा। बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमानों का नवीनीकरण अगले वर्ष के मध्य तक पूरा होने की उम्मीद है, जबकि बोइंग 777 विमानों के केबिन अपग्रेड में इससे अधिक समय लग सकता है।
290 से ज्यादा विमानों का हो चुका है बेड़ा
वर्तमान में एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस के संयुक्त बेड़े में 290 से अधिक विमान शामिल हैं। कंपनी को लगातार बोइंग मैक्स 8 विमानों की डिलीवरी मिल रही है। इसके अलावा एयर इंडिया उन चुनिंदा एयरलाइंस में शामिल होगी, जिन्हें सबसे पहले बोइंग मैक्स 10 विमान प्राप्त होंगे।
हालांकि, मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव और ईंधन की बढ़ती कीमतों के चलते कंपनी को हाल के समय में कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों और सेवाओं में कटौती भी करनी पड़ी है।





