होर्मुज में बड़ा मिसाइल हमला! UAE के दो तेल टैंकर बने निशाना, भारतीय चालक दल के सदस्य की मौत, 8 घायल

oil

अबू धाबी: होर्मुज जलडमरूमध्य में बढ़ते तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात के दो राष्ट्रीय तेल टैंकरों पर कथित मिसाइल हमला हुआ है। यूएई के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ओमान के क्षेत्रीय समुद्री क्षेत्र में दक्षिणी नौवहन मार्ग से गुजर रहे ‘मोम्बासा’ और ‘अल बहिया’ नामक टैंकरों को दो ईरानी क्रूज मिसाइलों से निशाना बनाया गया। इस हमले में ‘मोम्बासा’ टैंकर पर तैनात भारतीय चालक दल के एक सदस्य की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए हैं।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक घायलों में छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। इनमें से चार लोगों की हालत गंभीर बताई गई है।

मिसाइल हमले से दोनों टैंकरों में लगी आग

हमले के बाद दोनों तेल टैंकरों में आग लग गई, जिससे उन्हें भारी नुकसान पहुंचा। हालांकि बाद में आग पर काबू पा लिया गया। यूएई के रक्षा मंत्रालय ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया है। मंत्रालय का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई क्षेत्रीय सुरक्षा और स्थिरता के लिए बड़ा खतरा है।

यूएई ने कहा- जवाब देने का अधिकार सुरक्षित

रक्षा मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि संयुक्त अरब अमीरात अपनी संप्रभुता, राष्ट्रीय सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाने का अधिकार रखता है। मंत्रालय ने कहा कि देश किसी भी संभावित खतरे का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार और सतर्क है तथा राष्ट्रीय सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी कोशिश का सख्त जवाब दिया जाएगा।

अफवाहों से दूर रहने की अपील

मंत्रालय ने आम लोगों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से जारी जानकारी पर ही भरोसा करें। साथ ही सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर अपुष्ट और भ्रामक सूचनाएं साझा करने से बचने का आग्रह भी किया गया है।

विदेश मंत्रालय ने भी की हमले की निंदा

यूएई के विदेश मंत्रालय ने भी होर्मुज जलडमरूमध्य में राष्ट्रीय तेल टैंकरों पर हुए कथित मिसाइल हमले की कड़ी निंदा की है। मंत्रालय ने इस घटना में भारतीय चालक दल के सदस्य की मृत्यु पर भारत सरकार और भारतीय जनता के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह हमला संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2817 का गंभीर उल्लंघन है। साथ ही सभी प्रकार की शत्रुतापूर्ण गतिविधियों को तत्काल समाप्त करने और होर्मुज जलडमरूमध्य में सामान्य नौवहन बहाल करने की अपील की गई है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र