MCG से पीएम मोदी का बड़ा ऐलान! पहली बार भारत में होगा बिग बैश लीग का आगाज, चेन्नई में खेला जाएगा ओपनिंग मैच

10A_10

मेलबर्न: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी ऑस्ट्रेलिया यात्रा के दौरान दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित क्रिकेट मैदानों में शामिल मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (एमसीजी) का दौरा किया। इस अवसर पर उनके साथ ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ भी मौजूद रहे। दौरे के दौरान भारत और ऑस्ट्रेलिया के खेल संबंधों को नई दिशा देने वाला एक अहम ऐलान किया गया।

इस वर्ष दिसंबर में ऑस्ट्रेलिया की लोकप्रिय टी-20 प्रतियोगिता बिग बैश लीग (बीबीएल) का उद्घाटन मुकाबला चेन्नई में आयोजित किया जाएगा। यह पहला अवसर होगा जब किसी विदेशी क्रिकेट लीग का आधिकारिक मैच भारत में खेला जाएगा।

‘जी-डे नमस्ते’ उत्सव का बनेगा मुख्य आकर्षण

चेन्नई में होने वाला यह मुकाबला दिसंबर में भारत में आयोजित होने वाले सप्ताहभर के ‘जी-डे नमस्ते’ उत्सव का प्रमुख आकर्षण होगा। इस आयोजन के दौरान ऑस्ट्रेलियाई संस्कृति, व्यापार, खेल और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

खेल साझेदारी को मिलेगा नया आयाम

एमसीजी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह मैदान हर भारतीय के लिए विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि यहां आते ही भारत-ऑस्ट्रेलिया मुकाबलों का रोमांच और दोनों देशों के साझा क्रिकेट प्रेम की याद ताजा हो जाती है।

उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि आज यहां किसी आखिरी ओवर के रोमांच का दबाव नहीं, बल्कि खेल की खुशी, दोनों देशों की दोस्ती और भविष्य के खिलाड़ियों की ऊर्जा का उत्सव है।

क्रिकेट के साथ अन्य खेलों में भी बढ़ेगा सहयोग

प्रधानमंत्री मोदी और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने संयुक्त रूप से इंडिया-ऑस्ट्रेलिया स्पोर्ट्स कोलैबोरेशन रोडमैप भी लॉन्च किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस पहल के तहत दोनों देश क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों में भी सहयोग बढ़ाएंगे। खेल प्रशिक्षण, खेल विज्ञान और खेल तकनीक जैसे क्षेत्रों में साझेदारी को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के रिश्तों में खेल एक मजबूत कड़ी है और अब मैदान के भीतर के साथ-साथ मैदान के बाहर भी सहयोग का दायरा बढ़ेगा।

युवा खिलाड़ियों से मिले, दिए ऑटोग्राफ

एमसीजी पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने मैदान पर मौजूद युवा क्रिकेटरों से मुलाकात की, उनका उत्साहवर्धन किया और उनकी जर्सियों पर हस्ताक्षर भी किए।

ऑस्ट्रेलियाई मस्कट से भी की मुलाकात

दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने ऑस्ट्रेलिया के अंतरराष्ट्रीय मस्कट ‘रूबी द रू’ से भी मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने एंथनी अल्बनीज और स्टीव वॉ की मौजूदगी में मस्कट के साथ हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत की, जिसकी तस्वीरें भी चर्चा का विषय बनीं।

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेल और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में इस दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच बढ़ता खेल सहयोग भविष्य में नई साझेदारियों का मार्ग भी प्रशस्त कर सकता है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र