मोबाइल यूजर्स को लग सकता है बड़ा झटका! Jio, Airtel और Vi के रिचार्ज प्लान 15% तक हो सकते हैं महंगे

8A_1635

नई दिल्ली: देश के करोड़ों मोबाइल उपभोक्ताओं को जल्द रिचार्ज पर ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है। एक ब्रोकरेज रिपोर्ट के मुताबिक, निजी दूरसंचार कंपनियां अगले तीन से चार महीनों के भीतर अपने प्रीपेड और पोस्टपेड प्लान्स की कीमतों में 12 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी कर सकती हैं। टेलीकॉम बाजार में सीमित प्रतिस्पर्धा, 4जी और 5जी सेवाओं की बढ़ती मांग तथा प्रति ग्राहक आय (ARPU) बढ़ाने की जरूरत को इस संभावित फैसले की बड़ी वजह माना जा रहा है।

ब्रोकरेज रिपोर्ट में जताई गई टैरिफ बढ़ोतरी की संभावना

सेंट्रम इंस्टीट्यूशनल रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार, भारतीय टेलीकॉम बाजार में अब केवल तीन प्रमुख निजी और एक सरकारी कंपनी सक्रिय हैं। ऐसे में कंपनियों के लिए टैरिफ बढ़ाने की स्थिति पहले की तुलना में अधिक अनुकूल हो गई है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अगले 3 से 4 महीनों के भीतर प्रीपेड प्लान्स की कीमतों में सीधे 12 से 15 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

ARPU बढ़ाने पर कंपनियों का फोकस

रिपोर्ट के मुताबिक, जून तिमाही में देश की तीनों प्रमुख निजी टेलीकॉम कंपनियों—रिलायंस जियो, भारती एयरटेल और वोडाफोन-आइडिया—की औसत प्रति ग्राहक आय (ARPU) में तिमाही-दर-तिमाही आधार पर 1 से 1.5 प्रतिशत तक वृद्धि होने का अनुमान है। हालांकि विश्लेषकों का मानना है कि वास्तविक कमाई बढ़ाने के लिए टैरिफ में बढ़ोतरी जरूरी हो सकती है।

2G से 4G और 5G की ओर बढ़ रहे ग्राहक

कंपनियों की आय में सुधार का प्रमुख कारण बड़ी संख्या में ग्राहकों का 2जी नेटवर्क छोड़कर 4जी और 5जी सेवाओं की ओर जाना बताया गया है। इसके अलावा पोस्टपेड ग्राहकों की संख्या बढ़ने से भी प्रति ग्राहक राजस्व में इजाफा हो रहा है।

जियो और एयरटेल की बाजार हिस्सेदारी बढ़ने के संकेत

रिपोर्ट के अनुसार, जून तिमाही में रिलायंस जियो के लगभग 70 लाख नए ग्राहक जुड़ सकते हैं। वहीं भारती एयरटेल के साथ करीब 50 लाख नए उपभोक्ता जुड़ने का अनुमान है। इसके मुकाबले वोडाफोन-आइडिया के केवल 2 लाख नए ग्राहक जोड़ने की संभावना जताई गई है।

सिर्फ रिचार्ज महंगा नहीं, बदल सकता है प्राइसिंग मॉडल

रिपोर्ट में यह भी संकेत दिया गया है कि इस बार बदलाव केवल रिचार्ज की कीमतों तक सीमित नहीं रह सकता। कंपनियां अपने प्राइसिंग स्ट्रक्चर में भी बदलाव कर सकती हैं। भविष्य में उपयोग के आधार पर अलग-अलग श्रेणी के प्लान्स लाए जा सकते हैं, जिससे ग्राहकों के इस्तेमाल के अनुसार शुल्क तय हो सके।

5G विस्तार से बढ़ रही डेटा की खपत

देशभर में 4जी और 5जी नेटवर्क का तेजी से विस्तार होने के कारण डेटा की खपत लगातार बढ़ रही है। रिपोर्ट के अनुसार, रिलायंस जियो और भारती एयरटेल देश के 90 प्रतिशत से अधिक जिलों में अपनी 5जी सेवाएं उपलब्ध करा चुके हैं। अब दोनों कंपनियां अधिक से अधिक 5जी स्मार्टफोन उपयोगकर्ताओं को अपने नेटवर्क से जोड़ने पर ध्यान दे रही हैं। इसके साथ ही 5जी आधारित फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (FWA) और ब्रॉडबैंड सेवाओं के क्षेत्र में भी तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

वोडाफोन-आइडिया भी बढ़ा रही 5G सेवाएं

रिपोर्ट के मुताबिक, ग्राहक वृद्धि अपेक्षाकृत धीमी रहने के बावजूद वोडाफोन-आइडिया भी अपने 5जी नेटवर्क का विस्तार कर रही है। कंपनी की 5जी सेवा अब करीब 100 शहरों तक पहुंच चुकी है और इसे आगे भी बढ़ाया जा रहा है। साथ ही कंपनी के समायोजित सकल राजस्व (AGR) से जुड़े बकाया में भी कमी आई है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र