इंडोनेशिया में पीएम मोदी ने किया ‘कुछ कुछ होता है’ का जिक्र, करण जौहर ने कहा- हमारे लिए गर्व का पल
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया के जकार्ता में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए भारत और इंडोनेशिया के बीच गहरे सांस्कृतिक रिश्तों का उल्लेख किया। इस दौरान उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों और हिंदी गीतों की लोकप्रियता का जिक्र करते हुए शाहरुख खान की वर्ष 1998 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ का उदाहरण दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि इंडोनेशिया में आज भी भारतीय सिनेमा और उसके गीतों को खूब पसंद किया जाता है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भारत और इंडोनेशिया का रिश्ता केवल आज का नहीं, बल्कि सदियों पुराना सांस्कृतिक और ऐतिहासिक संबंध है। उन्होंने गर्मजोशी से स्वागत के लिए इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो का भी आभार व्यक्त किया।
पीएम मोदी ने सुनाया फिल्म से जुड़ा दिलचस्प किस्सा
जकार्ता में भारतीय समुदाय के बीच बोलते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने दोनों देशों के संबंधों को बॉलीवुड से जोड़ते हुए कहा, “यहां भारत का गाना ‘कुछ कुछ होता है’ बहुत लोकप्रिय है। आज मैंने राष्ट्रपति प्राबोवो से कहा कि जब भारत और इंडोनेशिया जैसे दो महान देश साथ मिलकर आगे बढ़ते हैं, तो यह सिर्फ ‘कुछ कुछ’ नहीं होता, बल्कि ‘बहुत कुछ होता है’ बन जाता है।” प्रधानमंत्री की इस टिप्पणी पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ प्रतिक्रिया दी।
धर्मा प्रोडक्शंस ने जताई खुशी
प्रधानमंत्री मोदी के भाषण में फिल्म का उल्लेख किए जाने के बाद फिल्म निर्माता करण जौहर की प्रोडक्शन कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस ने खुशी जाहिर की। कंपनी ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रधानमंत्री के संबोधन का वीडियो साझा किया।
वीडियो के साथ साझा किए गए संदेश में कहा गया कि सिनेमा और संगीत में सीमाओं से परे जाकर दुनिया को जोड़ने की अद्भुत क्षमता होती है। कंपनी ने कहा कि जकार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ को दुनियाभर में मिले प्रेम और सम्मान का उल्लेख किया जाना उनके लिए गर्व का विषय है।
1998 की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल रही थी फिल्म
करण जौहर ने वर्ष 1998 में फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ के जरिए निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था। यह फिल्म उस वर्ष की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल रही। फिल्म के गीतों को देश ही नहीं, बल्कि विदेशों में भी जबरदस्त लोकप्रियता मिली थी। शाहरुख खान और काजोल की जोड़ी को भी इस फिल्म से अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली।
भारत के अलावा यूनाइटेड किंगडम, अमेरिका और इंडोनेशिया सहित कई देशों में इस फिल्म को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। फिल्म की सफलता ने भारतीय सिनेमा को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।





