गरीब छात्रा की गुहार पर सीएम योगी का फैसला, जनता दर्शन में दिया बड़ा संदेश
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए फरियादियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कई मामलों में मौके पर ही कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
बच्ची की शिक्षा को लेकर सीएम का बड़ा आश्वासन
जनता दर्शन में एक बच्ची अपनी बूढ़ी मां के साथ पहुंची, जिसने बताया कि उसने इंटरमीडिएट में अच्छे अंक प्राप्त किए हैं और वह बीटेक की पढ़ाई करना चाहती है, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परेशानी हो रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उसकी मार्कशीट देखकर उसे पढ़ाई पर ध्यान देने की सलाह दी और आश्वासन दिया कि उसका प्रवेश किसी अच्छे संस्थान में कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सरकार किसी भी निर्धन या जरूरतमंद की शिक्षा को बाधित नहीं होने देगी। इस आश्वासन के बाद बच्ची और उसकी मां ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।
अवैध कब्जे और पुलिस शिकायतों पर सख्ती
जनता दर्शन में विभिन्न जिलों से आए लोगों ने पुलिस की लापरवाही और अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। इस पर सीएम योगी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सभी मामलों की गंभीरता से मॉनीटरिंग की जाए, पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
फरियादियों को स्थानीय स्तर पर शिकायत की सलाह
कुछ मामलों में सीधे मुख्यमंत्री के पास पहुंचे फरियादियों से सीएम योगी ने पूछा कि उन्होंने पहले जिला और मंडल स्तर के अधिकारियों से संपर्क क्यों नहीं किया। उन्होंने कहा कि अधिकतर समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर ही संभव है, इसलिए पहले संबंधित अधिकारियों के पास शिकायत दर्ज करानी चाहिए।



