PM मोदी के ‘मेलोडी’ गिफ्ट से मचा बाजार में बवाल, ₹5 वाला शेयर बना रॉकेट, लगा अपर सर्किट

download (1)

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक खास गिफ्ट ने बुधवार को भारतीय शेयर बाजार में हलचल मचा दी। इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी को ‘मेलोडी’ टॉफी भेंट किए जाने के बाद शेयर बाजार में सूचीबद्ध पेनी स्टॉक पारले इंडस्ट्रीज के शेयरों में अचानक जोरदार खरीदारी देखने को मिली। हालात ऐसे बने कि कंपनी के शेयर में 5 प्रतिशत का अपर सर्किट लग गया।

बाजार में तेजी के दौरान पारले इंडस्ट्रीज का शेयर 5 रुपये के पिछले बंद भाव से उछलकर 5.25 रुपये तक पहुंच गया। हालांकि, दिलचस्प बात यह रही कि जिस ‘मेलोडी’ टॉफी को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हुई, उसका पारले इंडस्ट्रीज से कोई सीधा संबंध नहीं है।

इटली दौरे पर PM मोदी ने दिया खास गिफ्ट

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने इटली दौरे के दौरान प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से मुलाकात के समय उनके लिए ‘मेलोडी’ टॉफी का पैकेट लेकर गए थे। इस गिफ्ट को लेकर मेलोनी ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री मोदी का आभार भी जताया।

मेलोनी ने एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह कहती नजर आईं कि प्रधानमंत्री मोदी उनके लिए ‘मेलोडी’ टॉफी लेकर आए हैं। वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी भी दिखाई दिए और मेलोनी के ‘मेलोडी’ जिक्र पर मुस्कुराते नजर आए। वीडियो के साथ मेलोनी ने लिखा, “गिफ्ट के लिए धन्यवाद।”

नाम के भ्रम में निवेशकों ने खरीदे शेयर

पूरे घटनाक्रम में सबसे बड़ा ट्विस्ट यह रहा कि ‘मेलोडी’ टॉफी बनाने वाली कंपनी और शेयर बाजार में सूचीबद्ध कंपनी अलग-अलग हैं। मेलोडी टॉफी का निर्माण पारले प्रोडक्ट्स करती है, जो Parle-G, मोनाको, क्रैकजैक और मैंगो बाइट जैसे लोकप्रिय ब्रांड्स के लिए जानी जाती है। पारले प्रोडक्ट्स एक निजी FMCG कंपनी है और शेयर बाजार में सूचीबद्ध नहीं है।

वहीं, पारले इंडस्ट्रीज एक अलग लिस्टेड कंपनी है, जिसका मेलोडी टॉफी के निर्माण या बिक्री से कोई संबंध नहीं है। बाजार जानकारों का मानना है कि कई छोटे निवेशकों और रिटेल ट्रेडर्स ने ‘पारले’ नाम देखकर भ्रमित होकर पारले इंडस्ट्रीज के शेयरों में खरीदारी शुरू कर दी। इसी वजह से शेयर में अचानक तेज उछाल देखने को मिला।

52 हफ्तों के हाई से काफी नीचे शेयर

हालांकि, तेज उछाल के बावजूद पारले इंडस्ट्रीज का शेयर अभी भी अपने 52 हफ्तों के उच्चतम स्तर 17.44 रुपये से काफी नीचे कारोबार कर रहा है। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की तेजी अक्सर खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड के असर से आती है, लेकिन निवेशकों को किसी भी शेयर में निवेश से पहले कंपनी की वास्तविक स्थिति और कारोबार को समझना जरूरी होता है।

2023 से वायरल है ‘मेलोडी’ हैशटैग

‘मेलोडी’ शब्द की चर्चा पहली बार साल 2023 में उस समय शुरू हुई थी, जब दुबई में आयोजित COP-28 सम्मेलन के दौरान जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ तस्वीर साझा करते हुए ‘मेलोडी’ हैशटैग का इस्तेमाल किया था। यह हैशटैग पीएम मोदी और मेलोनी के नामों को मिलाकर बनाया गया था। इसके बाद दोनों नेताओं की मुलाकातों के दौरान यह सोशल मीडिया पर लगातार वायरल होता रहा।

एक नज़र