यूपी में शिक्षक भर्ती का बड़ा ऐलान, 23,213 पदों का अधियाचन आयोग को भेजा गया
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में लंबे समय से खाली पड़े शिक्षकों और प्रधानाचार्य पदों पर भर्ती की प्रक्रिया तेज हो गई है। शिक्षा निदेशालय (माध्यमिक) की ओर से उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज को कुल 23,213 रिक्त पदों का अधियाचन भेज दिया गया है। इस कदम से प्रदेश के लाखों अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, जो लंबे समय से शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे थे।
राज्यभर के 4500 से अधिक विद्यालयों से जुटाया गया डेटा
लखनऊ: शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) कार्यालय की ओर से आयोग को भेजे गए पत्र के अनुसार प्रदेश के 4512 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक और शिक्षकों के रिक्त पदों की जानकारी एकत्र की गई है। इनमें से 4479 विद्यालयों से निर्धारित प्रारूप पर अधियाचन प्राप्त हुआ, जिसके आधार पर समेकित सूची तैयार कर आयोग को भेजी गई है।
ऑनलाइन प्रक्रिया से होगी पारदर्शिता सुनिश्चित
लखनऊ: विभागीय अधिकारियों के अनुसार एनआईसी लखनऊ द्वारा विकसित ई-अधियाचन पोर्टल पर इन सभी रिक्त पदों को ऑनलाइन अपलोड करने की प्रक्रिया भी जारी है। इसका उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, तेज और त्रुटिरहित बनाना है। लंबे समय से खाली पदों के कारण कई विद्यालयों में शैक्षणिक कार्य प्रभावित हो रहा था, जहां एक ही शिक्षक को कई विषयों की जिम्मेदारी संभालनी पड़ रही थी।
शिक्षा व्यवस्था मजबूत होने और रोजगार अवसर बढ़ने की उम्मीद
लखनऊ: इस भर्ती प्रक्रिया के शुरू होने से जहां स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होगी, वहीं छात्रों को नियमित और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलने की संभावना भी बढ़ेगी। साथ ही यह भर्ती उन लाखों युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर साबित होगी जो लंबे समय से शिक्षक भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे थे। यह अधियाचन 14 मई को शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) कार्यालय से आयोग को भेजा गया है।
इन पदों पर होगी भर्ती
लखनऊ: इस भर्ती में प्रधानाचार्य के 1502 पद, प्रधानाध्यापक के 1003 पद, प्रवक्ता के 2705 पद, सहायक अध्यापक के 16,114 पद और संबद्ध प्राइमरी के सहायक अध्यापक के 1889 पद शामिल हैं।





