अखिलेश मेदांता पहुंचे, बीजेपी MLA अनुपमा का हाल जाना, सपा चीफ का पुतला दहन करते झुलसी थीं
UP News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ के मेदांता अस्पताल पहुंचकर बीजेपी विधायक अनुपमा जायसवाल का हालचाल लिया। अखिलेश यादव जल्द स्वस्थ होने की कामना की। दरअसल, नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के तहत कलेक्ट्रेट के बाहर शनिवार को दोपहर सपा प्रमुख अखिलेश यादव और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी का पुतला फूंकते समय भड़की लौ की चपेट में आने से बीजेपी की सदर विधायक अनुपमा जायसवाल का चेहरा झुलस गया था। हादसा होते ही अफरा-तफरी मच गई थी। मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने वाहन से उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। इसके बाद उन्हें लखनऊ लाया गया था। इस समय उनका इलाज लखनऊ मेदांता अस्पताल में चल रहा है। उनकी देखरेख डॉक्टरों की टीम कर रही है।
शनिवार को उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारतीय जनता पार्टी की ओर से महिला जन आक्रोश रैली का आयोजन किया गया था। इस आक्रोश रैली में प्रभारी मंत्री सूर्यप्रताप शाही, सांसद डॉ. आनंद गोंड, पूर्व मंत्री और सदर विधायक अनुपमा जायसवाल, सुभाष त्रिपाठी समेत अन्य जनप्रतिनिधि व भाजपा महिला मोर्चा के लोग पहुंचे थे। दोपहर करीब दो बजे सभी कलेक्ट्रेट के बाहर विरोध जताने पहुंचे थे। इसी दौरान पुतला फूंकने के दौरान भड़की लौ की चपेट में सदर विधायक आ गईं। डीएम अक्षय त्रिपाठी व एसपी भी पहुंचे। सर्जन, त्वचा रोग विशेषज्ञ को बुलाया गया। उन्हें प्राइवेट वार्ड में भेजा गया। डॉक्टर ने बताया कि चार फीसद चेहरा प्रभावित है,स्थिति में सुधार है।
इस बीच मंगलवार को सपा चीफ अखिलेश यादव ने लखनऊ मेदांता अस्पताल में पहुंचकर भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनका हालचाल जाना। अखिलेश यादव जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इसके बाद सपा चीफ अखिलेश यादव जाने की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर की । अखिलेश यादव ने लिखा है कि हम नहीं चाहते हैं कि समाज के बीच आग जले। हम चाहते हैं समाज में सौहार्द की फुहार हो। हमारी सकारात्मक राजनीति की स्वस्थ परंपरा ने हमें यही सिखाया है। इसीलिए हम भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल जी से मिलने गये और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करके आएं हैं। राजनीति अपनी जगह है और मानवीय संबंधों का महत्व अपनी जगह। सद्भाव बना रहे, सौहार्द बना रहे!
सपा प्रमुख अखिलेश ने पहले एक्स पर किया था तंज
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अनुपमा जायसवाल के पुतला दहन में झुलसने को लेकर तंज किया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर उन्होंने लिखा है कि आग लगाने वाले सावधान रहें, आग लगाने वाली महिला की इलाज की व्यवस्था की जाए।



