डीबीटी के जरिए करोड़ों छात्रों को बड़ी सौगात, सीएम योगी करेंगे 3350 करोड़ की छात्रवृत्ति ट्रांसफर

yogi-(3)-1774802001901_v

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को प्रदेश के करोड़ों छात्रों को बड़ी राहत देने जा रहे हैं। छात्रवृत्ति एवं पारिवारिक लाभ योजनाओं के तहत धनराशि का डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधा अंतरण किया जाएगा। यह कार्यक्रम राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होगा।

करीब 28 लाख छात्रों को मिलेगा सीधा लाभ
प्रदेश के पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर कक्षा 9-10 और दशमोत्तर के कुल 27,99,982 छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में लगभग 3350 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी।

सभी वर्गों के छात्रों को मिलेगा लाभ
सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अनुसूचित जाति के 6,68,707 छात्रों को 467.94 करोड़ रुपये, सामान्य वर्ग के 4,95,793 छात्रों को 779.10 करोड़ रुपये, अन्य पिछड़ा वर्ग के 13,52,357 छात्रों को 1838.59 करोड़ रुपये, अल्पसंख्यक वर्ग के 2,75,889 छात्रों को 252.76 करोड़ रुपये और अनुसूचित जनजाति के 7,236 छात्रों को 11.61 करोड़ रुपये की धनराशि वितरित की जाएगी।

शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा पर सरकार का फोकस
मंत्री नरेन्द्र कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार “वंचितों को वरीयता और कमजोर को प्राथमिकता” के संकल्प के साथ लगातार काम कर रही है। शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं, जिससे जरूरतमंद वर्ग को सीधा लाभ मिल सके।

छात्रवृत्ति प्रक्रिया होगी पूरी तरह डिजिटल
सरकार छात्रवृत्ति योजनाओं को और अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने की दिशा में भी काम कर रही है। इसके तहत पूरी प्रक्रिया को ऑटोमेशन की ओर ले जाया जा रहा है। साथ ही आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए मोबाइल ऐप विकसित किया जा रहा है, जिससे छात्रों को सुविधा मिल सके।