उत्तर प्रदेश विधानसभा का सत्र शुरू, पहली बार आर्थिक सर्वेक्षण पेश करेगी योगी सरकार

मुख्यमंत्री-योगी-आदित्यनाथ

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अभिभाषण के साथ उत्तर प्रदेश विधानसभा का सत्र सोमवार से शुरू हो गया है। यह सत्र 20 फरवरी तक चलेगा। विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार पहली बार विधानसभा में आर्थिक सर्वेक्षण प्रस्तुत करेगी।
 
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह हमारा दसवां बजट 

मुख्यमंत्री ने बताया कि यह हमारा दसवां बजट है। इस दृष्टि से भी यह महत्वपूर्ण है। सत्र 2026-27 के लिए 11 फरवरी को बजट पेश होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनावश्यक शोरगुल से बचने की सलाह देते हुए कहा कि संवाद से समस्या के समाधान का प्रयास करें। सरकार हर समस्या पर चर्चा के लिए तैयार है। सदस्यों के सुझाव लेने को तैयार है।

यह बजट सत्र विकास की रफ्तार को और तेज करेगा

उन्होंने कहा कि विधानमण्डल लोकतंत्र का महत्वपूर्ण आधार स्तम्भ है। यह संवाद से चलता है, कार्यवाही को बाधित करके नहीं। सदस्य अगर कार्यवाही को बाधित करेंगे तो वे मुद्दों को डायल्यूट करेंगे। पिछले नौ साल में यूपी विधानमंडल में कार्यवाही के कीर्तिमान स्थापित किए गए हैं। यह बजट सत्र विकास की रफ्तार को और तेज करेगा। 

सत्र शुरू होने से पहले समाजवादी पार्टी के सदस्यों ने विधानसभा परिसर में लगी चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के समक्ष सपा सदस्यों ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की फोटो लेकर प्रदर्शन किया। सपा सदस्य कोडीन कफ सीरप व किसानों के मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। वहीं सदन में राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान भी सपा के सदस्यों ने सदन में नारेबाजी की।