UP Police Constable Exam : नीले या काले पैन से भरना होगा OMR, 32000 यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती की OMR शीट के नियम जारी

upp_up_police_bharti_1705026826_1770370821281

UP Police Constable Exam : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती बोर्ड ने 32679 यूपी पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा की ओएमआर शीट गाइडलाइंस जारी कर दी हैं। परीक्षा आठ, नौ व 10 जून को होगी। तीनों दिन यह परीक्षा दो-दो पालियों में होगी। इस पद के लिए करीब 29 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। पिछले साल 32679 कांस्टेबल पदों के लिए आवेदन मांगे गए थे। इनमें नागरिक पुलिस, पीएसी, एसएसएफ, जेल वार्डर और घुड़सवार पुलिस के लिए नियुक्तियां होनी है। लिखित परीक्षा ओएमआर शीट पर ली जाएगी। निर्देशों में कहा गया है कि ओएमआर आंसरशीट और गोले भरने के लिए केवल काला या नीला बॉल पॉइंट पेन का ही इस्तेमाल करें। अभ्यर्थी को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि प्रश्न पुस्तिका क्रमांक और ओएमआर उत्तर पत्रक क्रमांक समान हों। एक बार उत्तर अंकित करने के बाद उसे बदला नहीं जा सकता। गोलों को मिटाने या दोबारा भरने का प्रयास न करें। उत्तर बदलने के लिए व्हाइटनर, रबर या ब्लेड का प्रयोग पूरी तरह मना है। ओएमआर शीट की जांच इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से की जाती है, इसलिए निर्दिष्ट स्थान के अतिरिक्त शीट पर कुछ भी न लिखें, अन्यथा उत्तर पत्रक अमान्य किया जा सकता है।

परीक्षा समाप्त होने के बाद ओएमआर उत्तर पत्रक कक्ष निरीक्षक को सौंप दें। अभ्यर्थी को केवल अपनी अभ्यर्थी प्रति ही अपने साथ ले जाने की अनुमति होगी।

नेगेटिव मार्किंग नहीं होगी, खूब चलेंगे तुक्के
नेगेटिव मार्किंग का कोई प्रावधान नहीं है, यानी गलत उत्तर के लिए अंक नहीं काटे जाएंगे। नेगेटिव मार्किंग न होने के चलते परीक्षार्थी उन प्रश्नों का भी जवाब देंगे जिनका सही उत्तर उन्हें नहीं पता। ऐसे में परीक्षा में जमकर तुक्के चलेंगे।

पदों का विवरण
कांस्टेबल पुलिस: 10,469

पीएसी: 15,131

महिला पीएससी : 2,282

एसएसएफ: 1,341

घुड़सवार: 71

जेल वार्डर: 3,279

महिला जेल वार्डर: 106

कुल = 32,679 पद

एग्जाम पैटर्न
लिखित परीक्षा 300 अंकों की होगी। इसमें सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, संख्यात्मक व मानसिक योग्यता, मानसिक अभिरुचि, बुद्धिलब्धि, तार्किक क्षमता के प्रश्न थे। कुल 150 प्रश्न होंगे। पेपर 2 घंटे का होगा। सभी प्रश्न ऑब्जेक्टिव टाइप के होंगे।