UP Weather Today: अगले तीन दिनों तक बनारस में पड़ेगी सबसे अधिक ठंड, IMD ने 20 जिलों के लिए जारी किया रेड-ऑरेज अलर्ट

foglku-1766109503827

लखनऊ। UP Ka Mausam: उत्तर प्रदेश में तेजी से मौसम बदल रहा है। बीते दिन तीनों से कोहरे का कहर देखने को मिल रहा है। ऊपरी क्षोभ मंडल में उत्तर भारत से होकर गुजर रही उष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम के प्रभाव से ऐसा घना कोहरा छाया कि काशी समेत पूरा पूर्वांचल उसमें समा गया। नतीजा, दिन का अधिकतम तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया और बनारस प्रदेश का सबसे ठंडा शहर बन गया। बनारस शिमला, शिलांग, मनाली से भी सर्द रहा और देश का 10वां सबसे ठंडा शहर की श्रेणी में आ गया।

भारतीय मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अभी तीन दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रह सकता है। बनारस सहित पूर्वी उत्तर प्रदेश के अनेक जनपदों में अत्यंत घना कोहरा छाया रह सकता है। इसके चलते शुक्रवार को भी बनारस समेत प्रयागराज, मीरजापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, कुशीनगर एवं आसपास के इलाकों में अत्यधिक शीत दिवस की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं आगरा, मेरठ, मथुरा, सहारनपुर, अलीगढ, कानपुर, फतेहपुर, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा सहित अन्य जिलों में भारी शीतलहर का अनुमान है।

2019 में दिसंबर के अंतिम दिनों के बाद इतना नीचे गया है तापमान

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ स्थित आंचलिक कार्यालय के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह के अनुसार बनारस में दिसंबर में छह वर्ष बाद तापमान इतना नीचे गिरा है। वर्ष 2019 दिसंबर के अंतिम दिनों में अधिकतम तापमान इससे भी नीचे गया था, लेकिन दिसंबर के तीसरे सप्ताह में तापमान में इतनी अधिक गिरावट काफी वर्षों बाद दर्ज की गई है। वर्ष 2019 के 27 दिसंबर को अधिकतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस, 28 दिसंबर को 13.6 डिग्री सेल्सियस, 30 दिसंबर को 13.3 डिग्री सेल्सियस व 31 दिसंबर को 9.1 डिग्री सेल्सियस तक गया था।

सामान्य से 6.5 डिग्री नीचे जाने पर होता है अत्यधिक शीत दिवस

डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जब मैदानी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो जाए और अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस नीचे चला जाए तो शीत दिवस होता है लेकिन जब अधिकतम तापमान सामान्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला जाए तो अत्यधिक शीत दिवस होता है, इस दृष्टि से गुरुवार का दिन अत्यधिक शीत दिवस वाला रहा।

खास बातें

पूरे देश में सामान्य तापमान से सर्वाधिक विचलन दर्ज
प्रदेश में सर्वाधिक ठंडा रहा बनारस
देश में 10वां सबसे ठंडा स्थान दर्ज
कश्मीर घाटी व लद्दाख से सर्वाधिक ठंडे स्थानों के बाद रहा बनारस
छह वर्ष बाद दिसंबर में गिरा इतना तापमान, अत्यधिक शीत दिवस बना
दिसंबर के तीसरे सप्ताह में इधर दो दशक में कभी इतना नहीं गिरा पारा
अगले तीन दिनों तक काशी समेत पूर्वांचल के कई स्थानों पर हो सकता है अत्यधिक शीत दिवस