15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में रचा इतिहास, 5 अवॉर्ड जीतकर बने सीजन के सबसे बड़े स्टार

vaibhav-suryavanshi-orange-cap-(2)-1780285073863_v

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 में महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने अपने विस्फोटक प्रदर्शन से क्रिकेट जगत में सनसनी मचा दी। पूरे सीजन में दमदार बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने न सिर्फ ऑरेंज कैप अपने नाम की, बल्कि कुल 5 बड़े अवॉर्ड जीतकर इस सीजन को पूरी तरह अपने नाम कर लिया।

237 के स्ट्राइक रेट से बनाए 776 रन, जीती ऑरेंज कैप

वैभव सूर्यवंशी ने पूरे टूर्नामेंट में 237 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप हासिल की। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने गेंदबाजों के लिए लगातार चुनौती खड़ी की और वह पूरे सीजन सबसे चर्चित खिलाड़ी बने रहे।

एक ही सीजन में जीते 5 बड़े अवॉर्ड्स

फाइनल के बाद हुए अवॉर्ड समारोह में वैभव सूर्यवंशी ने कई बड़े सम्मान अपने नाम किए। उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, ऑरेंज कैप, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन और सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन जैसे पांच प्रमुख अवॉर्ड्स से नवाजा गया।

प्रेजेंटेशन में रवि शास्त्री के सवालों का दिया बेबाक जवाब

अवॉर्ड समारोह के दौरान जब वैभव से बातचीत की गई तो उन्होंने कमेंटेटर रवि शास्त्री के सवालों का आत्मविश्वास के साथ जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अवॉर्ड जीतकर अच्छा लग रहा है, लेकिन इंटरव्यू देने में थोड़ा दबाव महसूस हो रहा है।

इसी दौरान उन्होंने हल्के अंदाज में कहा, “सर, मैं आजकल दूध नहीं पी रहा हूं,” जिसने माहौल को हल्का कर दिया और सोशल मीडिया पर भी यह बयान चर्चा में आ गया।

हर मैच की परिस्थिति के अनुसार खेलना सीखा

सीजन में अपने अनुभव को साझा करते हुए वैभव ने कहा कि उन्होंने सबसे बड़ा सबक यह सीखा कि हर मैच को एक ही तरीके से नहीं खेला जा सकता। परिस्थितियों के अनुसार रणनीति बदलना बेहद जरूरी है।

फिटनेस को बताया सबसे बड़ी प्राथमिकता

वैभव ने कहा कि अगर उन्हें लंबे समय तक खेल में बने रहना है, तो फिटनेस पर लगातार काम करना होगा। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय टीम के सकारात्मक माहौल, सीनियर खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को भी दिया।

बिहार के दर्शकों के लिए दिया खास संदेश

गावस्कर और हरभजन सिंह के साथ बातचीत के दौरान जब उनसे उनके गृह राज्य बिहार के दर्शकों के लिए संदेश देने को कहा गया, तो उन्होंने कहा, “जल्दी मिलब बिहार में,” जिससे फैंस में खास उत्साह देखने को मिला।

IPL इतिहास में बनाया कई रिकॉर्ड

वैभव सूर्यवंशी ने इस सीजन 72 छक्के लगाकर एक नया रिकॉर्ड कायम किया। वह एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बने। इसके अलावा वह IPL इतिहास में सबसे कम उम्र में 400, 500 और 700+ रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। हालांकि वह सबसे तेज शतक के रिकॉर्ड से बस एक कदम दूर रह गए।