13 की दुल्हन, 20 का दूल्हा… जयमाला से पहले पहुंची पुलिस तो मची भगदड़, सेहरा बांधे ही भागा युवक

2026_9image_09_29_446798653meerutnews-ll

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में मंदिर के अंदर चल रही नाबालिग लड़की की शादी पुलिस की समय पर हुई कार्रवाई से रुक गई। शादी की रस्में पूरी होने वाली थीं और दोनों पक्ष जश्न में डूबे थे, तभी 112 नंबर पर मिली सूचना के बाद पुलिस मंदिर पहुंच गई। पुलिस की गाड़ी देखते ही 20 साल का दूल्हा सेहरा बांधे ही मौके से भाग निकला। उसके साथ दूल्हे के परिजन और लड़की पक्ष के कई रिश्तेदार भी वहां से फरार हो गए। मौके पर पुलिस को सिर्फ 13 साल की किशोरी और उसकी मां मिलीं।

मामला मेडिकल थाना क्षेत्र के शेरगढ़ी इलाके का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक स्थानीय मंदिर में 13 साल की नाबालिग बच्ची की जबरन शादी कराई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मंदिर पहुंचकर शादी रुकवा दी और किशोरी व उसकी मां को चौकी ले आई।

पुलिस को देखते ही सेहरा बांधे भागा दूल्हा

पुलिस के मंदिर पहुंचते ही वहां शादी का माहौल अचानक अफरा-तफरी में बदल गया। 20 वर्षीय दूल्हा पुलिस को देखते ही सेहरा बांधे-बांधे उल्टे पांव भाग गया। उसके पीछे दोनों पक्षों के कई रिश्तेदार भी मौके से निकल गए। पुलिस ने वहां मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की और किशोरी को अपने संरक्षण में लिया।

चौकी लाने के बाद पुलिस ने दस्तावेजों के जरिए दोनों की उम्र की जांच की। जांच में सामने आया कि लड़की की उम्र महज 13 साल है, जबकि जिस युवक से उसकी शादी कराई जा रही थी, उसकी उम्र 20 साल है। लड़की के नाबालिग होने की पुष्टि के बाद पुलिस ने उसे बाल कल्याण समिति (CWC) के सामने पेश किया।

बाल कल्याण समिति के सामने पेश की गई किशोरी

पुलिस के मुताबिक, किशोरी को फिलहाल सुरक्षित अभिरक्षा में रखा गया है और उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नाबालिग लड़की की शादी कराने का फैसला किसने लिया था और इस पूरी प्रक्रिया में कौन-कौन लोग शामिल थे।

बिचौलिए और पैसों के लेनदेन की भी जांच

मेरठ पुलिस अब फरार दूल्हे, उसके परिजनों और लड़की पक्ष के उन लोगों की पहचान करने में जुटी है, जो पुलिस के पहुंचते ही मौके से भाग गए। जांच इस दिशा में भी की जा रही है कि कहीं इस शादी के पीछे किसी बिचौलिए की भूमिका या पैसों के लेनदेन का मामला तो नहीं था। पुलिस का कहना है कि बाल विवाह कराने में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र