1 अक्टूबर से LPG सिलेंडर पर सब्सिडी का नियम बदलेगा, 5 दिन में पूरा कर लें ये जरूरी काम
नई दिल्ली: अक्टूबर शुरू होने में अब सिर्फ पांच दिन बाकी हैं और 1 अक्टूबर 2026 से घरेलू LPG उपभोक्ताओं के लिए सब्सिडी से जुड़ा अहम नियम लागू होने जा रहा है। नए नियम के मुताबिक, सरकारी सब्सिडी का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन (BAA) पूरा करना जरूरी होगा। तय समय तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर सिलेंडर की आपूर्ति बंद नहीं होगी, लेकिन उपभोक्ता को सरकारी सब्सिडी नहीं मिलेगी और उसे सिलेंडर बाजार मूल्य पर खरीदना पड़ सकता है।
सब्सिडी वाले सिलेंडर के लिए BAA अनिवार्य
1 अक्टूबर से रेग्युलेटेड रिटेल सेलिंग प्राइस पर लागू LPG सब्सिडी के साथ सिलेंडर रिफिल बुक कराने के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा होना अनिवार्य होगा। यानी सब्सिडी का लाभ जारी रखने के लिए उपभोक्ताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
अगर किसी उपभोक्ता ने 1 अक्टूबर से पहले BAA पूरा नहीं किया है, तो उसका LPG सिलेंडर मिलना बंद नहीं होगा। हालांकि, ऐसे उपभोक्ता को सिलेंडर बाजार मूल्य पर खरीदना पड़ेगा और उस पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा।
पहले से ऑथेंटिकेशन करा चुके उपभोक्ताओं को राहत
जिन LPG उपभोक्ताओं का बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पहले ही पूरा हो चुका है, उन्हें दोबारा यह प्रक्रिया कराने की जरूरत नहीं होगी।
सरकार के मुताबिक, इस व्यवस्था का उद्देश्य सब्सिडी वाले LPG सिलेंडरों का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाना है। इसके साथ ही घरेलू सब्सिडी वाले सिलेंडरों के व्यावसायिक और औद्योगिक इस्तेमाल पर रोक लगाने तथा डुप्लीकेट और अपात्र कनेक्शनों की पहचान करने में भी मदद मिलेगी।
पेट्रोलियम मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, 19 सितंबर तक देश में 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू LPG उपभोक्ता बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा कर चुके थे।
सितंबर में करीब 210 रुपये की सब्सिडी
सितंबर 2026 में 14.2 किलोग्राम के घरेलू LPG सिलेंडर पर अप्रत्यक्ष सब्सिडी करीब 210 रुपये है। ऐसे में सरकारी सब्सिडी का लाभ लेने वाले उपभोक्ताओं के लिए 1 अक्टूबर से पहले BAA पूरा करना महत्वपूर्ण हो जाता है।
घर बैठे भी पूरा कर सकते हैं BAA
LPG उपभोक्ताओं के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा करने के कई विकल्प उपलब्ध हैं। सिलेंडर की डिलीवरी के दौरान घर पर ही बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन कराया जा सकता है। इसके अलावा उपभोक्ता अपने गैस डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम पर जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
घर बैठे मोबाइल ऐप के जरिए भी BAA पूरा करने की सुविधा उपलब्ध है। इसके लिए सरकारी ऑयल कंपनियों के IndianOil ONE, HelloBPCL और HP PAY मोबाइल ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है।
जिन LPG उपभोक्ताओं ने अभी तक बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा नहीं किया है, उन्हें 1 अक्टूबर से पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी, ताकि घरेलू गैस सिलेंडर पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी का लाभ जारी रह सके।





