सिर्फ 20 रुपये सालाना में 2 लाख का बीमा! जानिए मोदी सरकार की इस योजना में कौन ले सकता है फायदा और क्या हैं नियम
नई दिल्ली: आमतौर पर बीमा पॉलिसी के लिए लोगों को बड़ी रकम प्रीमियम के तौर पर चुकानी पड़ती है, लेकिन प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना बेहद कम वार्षिक प्रीमियम में दुर्घटना बीमा कवर उपलब्ध कराती है। इस योजना के तहत 20 रुपये सालाना प्रीमियम पर अधिकतम 2 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा कवर मिलता है। इसे खासतौर पर कम आय वर्ग के लोगों को बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किया गया था।
मृत्यु या पूर्ण विकलांगता पर 2 लाख रुपये का कवर
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत बीमित व्यक्ति की दुर्घटना में मृत्यु होने या पूरी तरह विकलांग होने की स्थिति में 2 लाख रुपये का बीमा कवर दिया जाता है। वहीं दुर्घटना के कारण आंशिक विकलांगता होने पर 1 लाख रुपये तक का कवर उपलब्ध है।
18 से 70 साल तक के लोग ले सकते हैं योजना का लाभ
इस योजना में शामिल होने के लिए उम्र 18 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए। योजना को हर साल नवीनीकृत किया जाता है। महज 20 रुपये के वार्षिक प्रीमियम के बदले मिलने वाला यह दुर्घटना बीमा कवर किसी हादसे की स्थिति में परिवार को आर्थिक सहारा दे सकता है।
बैंक खाते से अपने आप कटता है प्रीमियम
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना का लाभ लेने के लिए सक्रिय बैंक खाता होना जरूरी है। अगर किसी व्यक्ति के एक से ज्यादा बैंक खाते हैं, तब भी वह केवल एक बैंक खाते के जरिए ही इस योजना का लाभ ले सकता है। योजना के तहत हर साल 1 जून या उससे पहले बैंक खाते से स्वत: 20 रुपये का प्रीमियम काट लिया जाता है।
योजना की अवधि 1 जून से 31 मई तक होती है। ऐसे में प्रीमियम की कटौती के समय खाते में पर्याप्त राशि रखना जरूरी है, ताकि बीमा कवर जारी रह सके।
2015 में शुरू हुई थी योजना
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना की शुरुआत 9 मई 2015 को की गई थी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, योजना शुरू होने से मई 2024 तक कुल 1,80,812 दावे प्राप्त हुए थे। इनमें से 1,37,404 दावों का निपटारा किया गया और 2,728.85 करोड़ रुपये की बीमा राशि का भुगतान किया गया।
जून 2024 से 16 अप्रैल 2025 तक योजना में 36.86 करोड़ नए नामांकन हुए। इस अवधि में प्राप्त 33,906 दावों में से 19,024 दावों का निपटारा किया गया। इन दावों के भुगतान पर 377.73 करोड़ रुपये खर्च किए गए।





