सऊदी अरब में हूतियों का बड़ा हमला! किंग खालिद एयरपोर्ट और अरामको के ठिकानों को बनाया निशाना, मिसाइल-ड्रोन से मची हलचल
रियाद में अरामको की इमारत को पहुंचा नुकसान
हूतियों ने इससे पहले रियाद के किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया था। इस दौरान सऊदी अरामको की एक इमारत को नुकसान पहुंचा। सऊदी ऊर्जा मंत्रालय के एक अधिकारी के अनुसार, मिसाइल के मलबे के टुकड़े गिरने से कंपनी की प्रशासनिक इमारत को मामूली क्षति हुई। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने या जान गंवाने की खबर नहीं है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट में स्थित अरामको टावर की कई मंजिलों की खिड़कियां टूट गईं। हमले से पहले रियाद में कई जोरदार धमाकों की आवाजें सुनाई दी थीं। इसके बाद सऊदी नागरिक सुरक्षा विभाग ने लोगों के लिए सतर्कता अलर्ट जारी किया। हालांकि, बाद में अधिकारियों ने स्थिति नियंत्रण में होने और खतरा टलने की जानकारी दी।
सऊदी वायु रक्षा प्रणाली ने कई मिसाइलें हवा में ही नष्ट कीं
लगातार हमलों के बीच सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने अपनी वायु रक्षा प्रणाली की कार्रवाई की जानकारी दी है। गठबंधन के मुताबिक, रियाद की ओर दागी गई दो बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया गया। इसके बाद राजधानी और देश के दक्षिणी हिस्से की दिशा में दागी गई दो क्रूज मिसाइलों को भी रोक लिया गया।
गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल-मलिकी ने इससे पहले बताया था कि पूर्वी प्रांत की ओर दागी गई एक अन्य बैलिस्टिक मिसाइल को भी बीच रास्ते में ही रोक दिया गया। मिसाइल और ड्रोन हमलों के लगातार दावों के बीच सऊदी अरब की सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।
कतर ने सऊदी अरब पर हमलों की कड़ी निंदा की
सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों के हमलों को लेकर कतर ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कतर के विदेश मंत्रालय ने रियाद समेत सऊदी अरब के अलग-अलग इलाकों को निशाना बनाए जाने की निंदा की है। मंत्रालय ने इन हमलों को सऊदी अरब की संप्रभुता का उल्लंघन करार दिया।
कतर के विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस तरह की सैन्य कार्रवाई नागरिकों की सुरक्षा और उनके जीवन को खतरे में डालती है। यह अंतरराष्ट्रीय कानून का भी उल्लंघन है। कतर ने आम लोगों और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाने वाले हमलों को तत्काल रोकने की मांग की है।






