यूपी में 1,219 करोड़ का निवेश करने जा रही CNH, कंपनी के इंडिया प्रेसिडेंट ने योगी सरकार की नीतियों को सराहा
नरेंद्र मित्तल ने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रोत्साहन, सहयोग और औद्योगिक विकास के प्रति प्रतिबद्धता से प्रदेश में निवेश, नवाचार और उद्योगों के विस्तार की नई संभावनाएं बनी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए कहा कि राज्य सरकार के निरंतर सहयोग और सीएनएच पर जताए गए भरोसे ने इस निवेश को साकार करने में अहम भूमिका निभाई है।
औद्योगिक इकोसिस्टम को मिलेगा बढ़ावा
कंपनी के इंडिया रीजन प्रेसिडेंट ने कहा कि सीएनएच का यह निवेश सिर्फ एक विनिर्माण संयंत्र की स्थापना तक सीमित नहीं है। इसका असर प्रदेश के औद्योगिक ढांचे और अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा। परियोजना से नए अवसर पैदा होंगे, औद्योगिक इकोसिस्टम मजबूत होगा और रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।
उन्होंने कहा कि इस तरह के निवेश उत्तर प्रदेश के साथ-साथ देश की आर्थिक प्रगति में भी योगदान देंगे। प्रदेश में विकसित हो रहे औद्योगिक माहौल के कारण उद्योग जगत उत्तर प्रदेश को निवेश के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में देख रहा है।
यूपी के औद्योगिक विकास में भागीदारी को लेकर प्रतिबद्ध CNH
नरेंद्र मित्तल ने कहा कि उत्तर प्रदेश के साथ सीएनएच की साझेदारी कंपनी के लिए महत्वपूर्ण है। कंपनी प्रदेश के औद्योगिक विकास में सहभागी बनकर मजबूत और समृद्ध भविष्य के निर्माण में योगदान देना चाहती है।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में विकसित हो रहे औद्योगिक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि यह साझेदारी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। 1,219 करोड़ रुपये की यह परियोजना प्रदेश में विनिर्माण गतिविधियों के विस्तार और औद्योगिक निवेश को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाएगी।






