मिस्र में भीषण हादसा: हाईवे पर पलटा ईंधन टैंकर, आग की चपेट में आए दर्जनों वाहन; 31 लोगों की मौत, 21 घायल

026
काहिरा: मिस्र की राजधानी काहिरा में बुधवार को एक बड़े सड़क हादसे ने भारी तबाही मचा दी। यहां एक प्रमुख हाईवे पर ईंधन से भरा टैंकर पलट गया, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास से गुजर रही कई कारों और दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में 31 लोगों की मौत हो गई, जबकि 21 अन्य घायल हुए हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना राजधानी काहिरा को चारों ओर से घेरने वाले महत्वपूर्ण रिंग रोड पर हुई। ग्रेटर काहिरा क्षेत्र के गीजा प्रांत के घनी आबादी वाले वर्राक इलाके में टैंकर पलटने के बाद आग तेजी से फैल गई। इसकी चपेट में आकर दो दर्जन से अधिक कारें और मोटरसाइकिलें जलकर खाक हो गईं।

जलते वाहनों में फंसे लोगों को बचाने में जुटे दमकलकर्मी

हादसे के बाद घटनास्थल पर बचाव और राहत अभियान शुरू किया गया। दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने के साथ ही जलते वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कई गाड़ियों को आग की लपटों से घिरा देखा जा सकता है। दमकलकर्मी आग बुझाने और प्रभावित वाहनों तक पहुंचने में जुटे नजर आए।

घटना पर मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी ने दुख जताया और हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।

घायलों का अस्पतालों में इलाज, मृतकों की पहचान के लिए DNA जांच

मिस्र के स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने बताया कि हादसे में घायल हुए लोगों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। वहीं, मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए जांच कराई जा रही है।

हादसे की भयावहता को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

मिस्र में सड़क हादसों का रिकॉर्ड चिंताजनक

मिस्र में सड़क दुर्घटनाएं लंबे समय से गंभीर चुनौती बनी हुई हैं। यहां हर साल हजारों लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवाते हैं। तेज रफ्तार, सड़कों की खराब स्थिति और यातायात नियमों का प्रभावी तरीके से पालन नहीं होना दुर्घटनाओं की प्रमुख वजहों में शामिल है।

इससे पहले इसी साल जनवरी में बेनी सुएफ के पास कई वाहनों की भीषण टक्कर हुई थी। उस दुर्घटना में 21 लोगों की मौत हो गई थी। काहिरा में हुआ ताजा हादसा एक बार फिर देश में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करता है।

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र