बिसलेरी के पानी पर बड़ा सवाल! जांच में मिले खतरनाक रासायनिक तत्व, FSSAI ने असुरक्षित घोषित कर कंपनी पर कार्रवाई को दी मंजूरी

bisleri
नई दिल्ली: बोतलबंद पानी के लिए मशहूर कंपनी बिसलेरी इंटरनेशनल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। कंपनी के परिसर से लिए गए पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर के नमूने जांच में असुरक्षित पाए गए हैं। जांच में तय सीमा से अधिक ब्रोमेट और खतरनाक रासायनिक तत्वों की मौजूदगी सामने आने के बाद नियामक ने यह सख्त कदम उठाया है।

जांच में तय मानकों पर खरा नहीं उतरा पानी

FSSAI ने रविवार को सोशल मीडिया के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी दी। नियामक के मुताबिक, बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के परिसर से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर का एक नमूना नियमित नियामकीय जांच के लिए लिया गया था। यह नमूना मिनरल वाटर की श्रेणी में नहीं आता था।

प्रारंभिक जांच में पानी के नमूने में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के अनुरूप नहीं मिली। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत इसे असुरक्षित घोषित कर दिया गया।

दोबारा जांच में भी मिले खतरनाक रासायनिक तत्व

प्रारंभिक जांच के नतीजों के बाद कंपनी की अपील पर पानी के नमूने को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया। वहां दोबारा परीक्षण के दौरान पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आई।

रेफरल लैब की रिपोर्ट में भी नमूने को असुरक्षित पाया गया। इसके बाद FSSAI ने खाद्य सुरक्षा कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत बिसलेरी इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ मुकदमा चलाने की अनुमति दे दी। इस कार्रवाई के बाद कंपनी के उत्पादों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

कई दूसरी कंपनियों पर भी FSSAI की कार्रवाई

खाद्य नियामक ने बिसलेरी के अलावा चार अन्य कंपनियों के खिलाफ भी मुकदमा चलाने की मंजूरी दी है। इनमें वसंत मसाला प्राइवेट लिमिटेड, टिट-बिट फूड्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, मीमांसा इंडस्ट्रीज और आशा कन्फेक्शनरी शामिल हैं।

इसके अलावा नियमों का पालन नहीं करने पर उर्मि लाइफसाइंसेज एलएलपी और गौर आयुर्वेदिक स्टोर के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। आशा कन्फेक्शनरी को अपने एक उत्पाद को बाजार से वापस लेने का आदेश भी दिया गया है।

चॉकलेट कुकीज को बाजार से हटाने का आदेश

FSSAI ने आशा कन्फेक्शनरी को प्री-पैक चॉकलेट फिल्ड कुकीज बाजार से वापस मंगाने का निर्देश दिया है। जांच में इन कुकीज को भी असुरक्षित पाया गया था। नियामक ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कंपनियों के खिलाफ कार्रवाई की है।

2026 में खाद्य कंपनियों पर बढ़ी निगरानी

FSSAI ने वर्ष 2026 के दौरान खाद्य उद्योग से जुड़ी कंपनियों और ई-कॉमर्स कारोबारियों के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई तेज की है। ऊर्जा पेय और मादक पेय बनाने वाली कंपनियां भी नियामक की सख्ती के दायरे में हैं। खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नियमों का पालन नहीं करने वाली कंपनियों पर कार्रवाई की जा रही है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र