बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा, आवामी लीग का 27-28 नवंबर को फुल लॉकडाउन का ऐलान; शेख हसीना की वापसी से बढ़ा तनाव

00000-17
ढाका: बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की प्रस्तावित वापसी के ऐलान के बाद राजनीतिक तनाव बढ़ता जा रहा है। देश के अलग-अलग हिस्सों में हिंसक घटनाएं सामने आ रही हैं। इस बीच शेख हसीना की पार्टी आवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को पूरे देश में फुल लॉकडाउन का ऐलान किया है। पार्टी ने शेख हसीना और उसके नेताओं के खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस लेने से लेकर संगठन पर लगा प्रतिबंध हटाने तक कई मांगें उठाई हैं।

मंगलवार को आवामी लीग के कार्यकर्ताओं ने मशाल जुलूस निकाला। पार्टी ने बुधवार से आंदोलन और तेज करने की घोषणा की है। आवामी लीग का आंदोलन शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी की मांग को लेकर चल रहा है। पार्टी के मुताबिक, शेख हसीना 16 दिसंबर को 1971 के मुक्ति संग्राम में जीत की वर्षगांठ के अवसर पर देश लौटेंगी। इस ऐलान के बाद बांग्लादेश में तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

जमात-ए-इस्लामी प्रमुख भी लौट रहे देश

शेख हसीना की वापसी की घोषणा और देश में बढ़ते तनाव के बीच बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर्रहमान ने अपना ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया दौरा छोटा कर दिया है। वह वापस बांग्लादेश लौट रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, शफीकुर्रहमान की प्रधानमंत्री तारिक रहमान से मुलाकात होनी है। इस बैठक में शेख हसीना की वापसी और बांग्लादेश में बिगड़ते हालात पर चर्चा होने की संभावना है। इसी बीच आवामी लीग ने अपनी मांगों को भी सामने रख दिया है।

आवामी लीग ने रखीं ये प्रमुख मांगें

आवामी लीग ने सरकार के सामने राजनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दे उठाए हैं। पार्टी की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं:

  • शेख हसीना और आवामी लीग के नेताओं के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लिया जाए और राजनीतिक रूप से प्रेरित फैसलों को रद्द किया जाए।
  • आवामी लीग पर लगाया गया प्रतिबंध हटाकर उसे राजनीतिक गतिविधियां संचालित करने की अनुमति दी जाए।
  • राजनीतिक बंदियों को रिहा किया जाए और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे समाप्त किए जाएं।
  • बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण किया जाए। बिजली, गैस, पानी, ईंधन, खाद और जरूरी वस्तुओं की कीमतें कम की जाएं।
  • बंद पड़े उद्योगों को दोबारा शुरू किया जाए और बेरोजगार श्रमिकों को काम उपलब्ध कराया जाए।
  • नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। हत्या, बलात्कार, जबरन वसूली, लूटपाट और अवैध कब्जे जैसी घटनाओं पर रोक लगे।
  • महिलाओं, बच्चों और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की जाए।
  • सैन्य और नागरिक अधिकारियों के साथ पत्रकारों के खिलाफ दर्ज कथित झूठे मुकदमे वापस लिए जाएं। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और प्रेस की आजादी सुनिश्चित हो।
  • उग्रवाद और आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई की जाए। जेल से रिहा किए गए आतंकियों और उग्रवादियों को फिर से गिरफ्तार किया जाए।

गोपालगंज में दुकानों पर हमला, 12 प्रतिष्ठानों में तोड़फोड़

बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव के बीच हिंसक घटनाएं भी लगातार सामने आ रही हैं। मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के गृह जिले में आवामी लीग के कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। वहीं, गोपालगंज में भी कई दुकानों को निशाना बनाया गया।

रिपोर्ट के अनुसार, गोपालगंज में मंगलवार को 12 दुकानों में तोड़फोड़ की गई। क्रिकेट स्टेडियम के पास स्थित फूलों की दुकानों पर भी हमला किया गया। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच आवामी लीग के लॉकडाउन के ऐलान ने बांग्लादेश में राजनीतिक और सुरक्षा संबंधी चुनौतियां और बढ़ा दी हैं।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र