‘काली खेती’ में जैकी श्रॉफ का दिखेगा खौफनाक अवतार, शूटिंग के दौरान इस घटना से सचमुच डर गए थे अभिनेता; गायकी को लेकर भी खोला दिल
‘काली खेती’ में कॉमेडी नहीं, सिर्फ डर का माहौल
जैकी श्रॉफ का कहना है कि ‘काली खेती’ की सबसे खास बात इसका अलग अंदाज और भय पैदा करने वाला माहौल है। फिल्म में काले रंग को डर के प्रतीक के रूप में इस्तेमाल किया गया है। इससे पहले वह ऐसी हॉरर फिल्मों में काम कर चुके हैं, जिनमें डर के साथ कॉमेडी का भी तड़का था। एक फिल्म में उन्होंने भूत का किरदार निभाया था, जो बच्चों को बचाने के साथ उनके साथ खेलता और उनकी इच्छाएं पूरी करता था। वहीं, ‘100 डेज’ में वह थ्रिलर कहानी का हिस्सा रहे। लेकिन ‘काली खेती’ में दर्शकों को पूरी तरह हॉरर का अनुभव कराने पर जोर दिया गया है।
जब पहाड़ पर अकेले चलते हुए जैकी को लगा असली डर
हॉरर फिल्मों में काम करने के दौरान क्या उन्हें कभी सचमुच डर लगा है? इस सवाल पर जैकी ने अपने जीवन का एक पुराना वाकया साझा किया। उन्होंने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान पूरी टीम आसपास रहती है, इसलिए वहां भूत से डरने जैसी स्थिति नहीं बनती।
हालांकि, पहाड़ पर अकेले होने का एक अनुभव उन्हें आज भी याद है। उस समय उनके दोस्त आगे निकल गए थे और उन्हें ट्रेन से मुंबई लौटना था। गलती से वह अपने निर्धारित स्टेशन से एक स्टेशन आगे उतर गए। वापस लौटने में देरी हुई और देखते ही देखते अंधेरा छा गया। उन्हें करीब तीन स्टेशन तक पैदल चलना था। शुरुआत में रास्ते पर रोशनी थी, लेकिन आगे बढ़ने के साथ अंधेरा गहराता गया। चांदनी रात में सुनसान रास्ते पर अकेले चलते हुए उन्हें बचपन में देखी एक डरावनी फिल्म याद आने लगी। उस वक्त उन्हें पहली बार वास्तविक डर का अहसास हुआ।
शरद केलकर के साथ काम करने का अनुभव रहा शानदार
फिल्म में अभिनेता शरद केलकर के साथ काम करने को लेकर भी जैकी ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने शरद को सहज और सहयोग करने वाला कलाकार बताया। जैकी के मुताबिक, उनके साथ काम करते समय किसी तरह का दबाव महसूस नहीं हुआ। फिल्म की पूरी टीम साथ बैठती, बातचीत करती और एक-दूसरे की मदद करती थी। कलाकारों के बीच अच्छे तालमेल की वजह से शूटिंग का माहौल भी खुशनुमा बना रहा। उन्होंने फिल्म में काम करने वाले युवा कलाकार की भी तारीफ की।
डरावनी फिल्म के बावजूद खेतों से है खास लगाव
‘काली खेती’ में खेतों को भले ही डरावने अंदाज में दिखाया गया हो, लेकिन जैकी श्रॉफ का खेती से रिश्ता बिल्कुल अलग है। उन्होंने बताया कि उन्हें खेतों में समय बिताना हमेशा पसंद रहा है। खेती उनके लिए सुकून और प्रकृति से जुड़ाव का जरिया है। उनके मुताबिक, अनजान जगह पर अकेले और अंधेरे में होने से डर लग सकता है, लेकिन खेत और खेती उन्हें हमेशा शांति का एहसास कराते हैं।
किरदारों की सीमाओं में बंधना पसंद नहीं करते जैकी
अपने अभिनय सफर के बारे में बात करते हुए जैकी ने कहा कि उन्होंने कभी खुद को किसी एक खास छवि तक सीमित नहीं रखा। ‘राम लखन’, ‘मिशन कश्मीर’ और ‘परिंदा’ जैसी फिल्मों में अलग-अलग भूमिकाएं निभाने के अलावा वह साईं बाबा का किरदार भी पर्दे पर उतार चुके हैं। उनका मानना है कि एक कलाकार को हर तरह के किरदार निभाने का मौका मिलना चाहिए। वह अलग-अलग विषयों और भूमिकाओं के जरिए खुद को लगातार आजमाना पसंद करते हैं।
अब गायकी सीखना चाहते हैं अभिनेता, बताया अपना शौक
अभिनय के अलावा जैकी श्रॉफ के मन में संगीत और गायकी को लेकर भी खास इच्छा है। उन्होंने बताया कि उन्हें गाने सुनने के साथ-साथ गाना भी पसंद है। हालांकि, उन्हें लगता है कि उनकी आवाज में उतनी ताकत नहीं है, लेकिन इसके बावजूद वह गायकी सीखना चाहते हैं। उनका मानना है कि कुछ शौक ऐसे होते हैं, जिन्हें पूरा करने में ही असली खुशी मिलती है। मौका मिला तो वह बाकायदा गायकी की शिक्षा लेना चाहेंगे।
‘किंग’ समेत कई प्रोजेक्ट्स में आएंगे नजर
आने वाले काम को लेकर जैकी ने बताया कि वह फिल्म ‘किंग’ का हिस्सा हैं। इसके अलावा वामशी के साथ भी उनका एक प्रोजेक्ट चल रहा है। कुछ अन्य फिल्मों में वह कैमियो भूमिकाओं में भी दिखाई देंगे। जैकी का कहना है कि उन्हें लगातार काम करते रहना पसंद है। महीने में करीब दो शूटिंग तो हो ही जाती हैं। जब तक शरीर साथ देता रहेगा और दर्शकों के लिए काम करने के मौके मिलते रहेंगे, वह अभिनय जारी रखना चाहेंगे।






