कटड़ा के माता वैष्णो देवी हेलीपैड टर्मिनल में तड़के लगी आग, टिकट काउंटर और कॉफी शॉप का सामान जलकर राख
कटड़ा: जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में माता वैष्णो देवी के बेस कैंप कटड़ा स्थित हेलीपैड टर्मिनल में सोमवार तड़के करीब 3:15 बजे अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण टर्मिनल के अंदर मौजूद टिकट बुकिंग काउंटर, डोनेशन काउंटर और एक कॉफी शॉप का सामान जलकर राख हो गया। घटना के वक्त टर्मिनल बंद था और वहां यात्रियों की आवाजाही नहीं थी। ऐसे में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।
माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए कटड़ा का हेलीपैड टर्मिनल अहम सुविधा केंद्र है। यहां हेलिकॉप्टर सेवा से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग, पंजीकरण, सुरक्षा जांच और यात्रा से जुड़ी अन्य प्रक्रियाएं पूरी की जाती हैं। यह हेलिकॉप्टर यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण ट्रांजिट प्वाइंट के तौर पर काम करता है।
दमकल टीम ने करीब 30 मिनट में बुझाई आग
आग की सूचना मिलते ही हेलीपैड के कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला। इसके साथ ही फायर एंड इमरजेंसी सर्विसेज की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने तेजी से अभियान चलाते हुए करीब 30 मिनट में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
समय रहते आग बुझ जाने से इसे टर्मिनल के अन्य संवेदनशील हिस्सों तक फैलने से रोक लिया गया। घटना के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आग से हुए नुकसान का जायजा लिया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, कई दस्तावेज और कंप्यूटर जले
प्रारंभिक जांच में आग लगने की संभावित वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। आग की चपेट में आने से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, टिकट काउंटर पर रखे कुछ कंप्यूटर और अन्य जरूरी सामान जलकर नष्ट हो गए। टर्मिनल के कुछ हिस्सों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।
हेलिकॉप्टर उड़ानों पर भी पड़ा असर
आग की घटना के बाद हेलीपैड टर्मिनल में नुकसान और जरूरी व्यवस्थाओं की जांच के चलते सुबह हेलिकॉप्टर उड़ानें निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे की देरी से शुरू हो सकीं। सामान्य परिस्थितियों में यहां से हेलिकॉप्टर सेवा सुबह करीब सात बजे शुरू होती है।
अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल आग से हुए कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जले हुए उपकरणों, दस्तावेजों और अन्य सामान की स्थिति की जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आग से टर्मिनल की परिचालन व्यवस्था पर कितना असर पड़ा है।
माता वैष्णो देवी यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही और हेलिकॉप्टर सेवा से जुड़ी व्यवस्थाओं में यह टर्मिनल महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में घटना के बाद सुरक्षा और संचालन से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि आग रात के समय लगी, जब टर्मिनल बंद था और वहां यात्रियों की मौजूदगी नहीं थी।





