एलन मस्क की दौलत में हर घंटे ₹454 करोड़ का इजाफा, एक घंटे की कमाई से बन सकती हैं 405 किमी ग्रामीण सड़कें

alon

मुंबई: दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति एलन मस्क की संपत्ति में 2026 के शुरुआती नौ महीनों के दौरान जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है। इस अवधि में उनकी दौलत औसतन करीब ₹10,900 करोड़ प्रतिदिन बढ़ी। सोमवार को भी उनकी संपत्ति में 62.6 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। 6.8 प्रतिशत की इस बढ़त के बाद मस्क की कुल संपत्ति 977 अरब डॉलर पहुंच गई।

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार, डॉलर के लिहाज से 12 अगस्त के बाद यह एक दिन में मस्क की संपत्ति में हुई सबसे बड़ी बढ़ोतरी है। अगर 2026 के पहले नौ महीनों में उनकी संपत्ति में हुई कुल वृद्धि को प्रति घंटे के हिसाब से बांटा जाए तो यह करीब ₹454 करोड़ बैठती है। यानी औसतन हर घंटे उनकी संपत्ति में 454 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ।

₹454 करोड़ में बन सकती हैं 405 किमी ग्रामीण सड़कें

मस्क की एक घंटे की औसत संपत्ति वृद्धि को भारतीय संदर्भ में देखें तो ₹454 करोड़ की रकम से कई बड़े विकास कार्य किए जा सकते हैं। एक अनुमान के मुताबिक, इतनी राशि से करीब 405 किलोमीटर ग्रामीण सड़क बनाई जा सकती है।

इसके अलावा इस रकम से लगभग 31 केंद्रीय विद्यालयों के भवन तैयार किए जा सकते हैं। वहीं, करीब 10 करोड़ रुपये की लागत वाले 45 छोटे या मध्यम अस्पताल भी बनाए जा सकते हैं।

इस साल मस्क की संपत्ति में 310 अरब डॉलर का उछाल

सितंबर के अंत तक एलन मस्क की संपत्ति इस साल करीब 310 अरब डॉलर यानी लगभग 29.85 लाख करोड़ रुपये बढ़ चुकी थी। ब्लूमबर्ग इंडेक्स में शामिल अरबपतियों की कुल संपत्ति में हुई वृद्धि का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा अकेले मस्क की संपत्ति में हुई बढ़ोतरी से आया।

SpaceX और उनकी कृत्रिम बुद्धिमत्ता कंपनी xAI के विलय के बाद मस्क कुछ समय के लिए दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर भी बने।

100 टेक अरबपतियों की दौलत 845 अरब डॉलर बढ़ी

ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक, दुनिया के 500 सबसे अमीर लोगों में शामिल करीब 100 टेक अरबपतियों की संयुक्त संपत्ति 30 सितंबर तक इस साल 845 अरब डॉलर बढ़ चुकी थी। किसी भी वर्ष के शुरुआती नौ महीनों में यह अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी है।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता क्षेत्र में आई तेजी और अमेरिकी टेक कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त उछाल को इस बढ़ोतरी की प्रमुख वजह माना गया है। टेक अरबपतियों की कुल संपत्ति अब करीब 4.6 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गई है। यह ब्लूमबर्ग इंडेक्स में शामिल सभी अरबपतियों की कुल संपत्ति का लगभग 36 प्रतिशत है, जबकि टेक अरबपति इंडेक्स के सदस्यों का करीब पांचवां हिस्सा ही हैं।

इसके विपरीत, टेक्नोलॉजी क्षेत्र से बाहर के अरबपतियों की संयुक्त संपत्ति में इसी अवधि के दौरान 62 अरब डॉलर की कमी आई।

दुनिया के टॉप-10 अमीरों में पहली बार सभी अमेरिकी

10 सितंबर के बाद दुनिया के 10 सबसे अमीर लोगों की सूची में सभी 10 व्यक्ति अमेरिकी रहे। ब्लूमबर्ग ने 2012 में अरबपतियों की रैंकिंग शुरू की थी और उसके बाद पहली बार ऐसा हुआ कि शीर्ष 10 में सभी अमेरिकी शामिल रहे।

इन 10 अरबपतियों में से नौ की संपत्ति अमेरिकी टेक कंपनियों से जुड़ी हुई है। इससे इस साल वैश्विक अरबपति संपत्ति में अमेरिकी टेक क्षेत्र के बढ़ते प्रभाव का भी पता चलता है।

माइकल डेल की संपत्ति 81 प्रतिशत बढ़ी

टेक क्षेत्र के दूसरे अरबपतियों की संपत्ति में भी तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है। डेल टेक्नोलॉजीज के संस्थापक माइकल डेल की संपत्ति इस साल 81 प्रतिशत बढ़कर 254 अरब डॉलर पहुंच गई।

वहीं, मेटा प्लेटफॉर्म्स के शेयरों में तेजी का फायदा मार्क जुकरबर्ग को भी मिला। उनकी संपत्ति में इस साल करीब 23 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र