ईरान से मिली धमकी के बाद डरे बैरन ट्रंप! घर से निकलना किया कम, सुरक्षा भी बढ़ाई गई

000000000000000-11

वाशिंगटन: ईरान के साथ जारी युद्ध के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ट्रंप के छोटे बेटे बैरन ट्रंप को हाल ही में कथित तौर पर धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसके बाद 20 वर्षीय बैरन ने घर से बाहर निकलना काफी कम कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक वह अपना ज्यादातर समय घर पर ही बिता रहे हैं। पिछली गर्मियों में भी उन्होंने अपने पिता के न्यूजर्सी स्थित गोल्फ क्लब में अधिकतर समय बिताया था।

ट्रंप के करीबी एक व्यक्ति के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि बैरन पिछले काफी समय से बहुत कम ही घर से बाहर निकलते हैं। सूत्र के मुताबिक उन्हें एकांत पसंद है और वह ज्यादा लोगों से मिलना-जुलना भी पसंद नहीं करते।

चार्ली क्रिक की हत्या के बाद और बढ़ी चिंता

रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी इन्फ्लुएंसर और ट्रंप के कट्टर समर्थक माने जाने वाले चार्ली क्रिक की हत्या के बाद बैरन ने सार्वजनिक तौर पर बाहर जाना और कम कर दिया था। बताया गया है कि क्रिक की हत्या की खबर मिलने के बाद बैरन ने अपने पिता डोनाल्ड ट्रंप को फोन किया था। इस दौरान उन्होंने कहा था, “यही होता है, जब आप अपने घर से बाहर जाते हैं।”

हाल में ईरान की ओर से कथित धमकी सामने आने के बाद बैरन के और अधिक एकांत में रहने की बात कही जा रही है।

ईरान से बैरन को लेकर मिली थी धमकी

डोनाल्ड ट्रंप के परिवार को ईरान के साथ युद्ध के बीच कई बार कथित हत्या की धमकियां मिलने की बात सामने आई है। हाल ही में बैरन ट्रंप को लेकर भी धमकी दिए जाने का दावा किया गया था।

रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के सरकारी मीडिया चैनल की ओर से कथित तौर पर घोषणा की गई थी कि जो व्यक्ति बैरन ट्रंप तक पहुंचेगा, उसे 10 मिलियन डॉलर का इनाम दिया जाएगा। इसके बाद ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स की ओर से भी कथित तौर पर एक वीडियो पोस्ट किया गया था। उसका शीर्षक ‘व्हेयर टू किल बैरन ट्रंप’ बताया गया। इसमें दावा किया गया था कि ईरान को बैरन ट्रंप की गतिविधियों और उनके आने-जाने की जानकारी है।

ट्रंप पर भी हो चुके हैं हमले

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी पहले कई बार हमलों का सामना कर चुके हैं। चुनाव प्रचार के दौरान हुए एक हमले में गोली उनके कान को छूती हुई निकल गई थी। इस घटना के बाद उनकी लोकप्रियता में तेजी आने की बात कही गई थी।

इसके कुछ समय बाद ट्रंप के गोल्फ कोर्स के बाहर गोलीबारी की घटना सामने आई थी, जिसमें एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा एक होटल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भी एक संदिग्ध के घुसने की कोशिश की खबर सामने आई थी। इन घटनाओं में ट्रंप बाल-बाल बच गए थे।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र