इलाज के लिए पैसों की जरूरत? एस्टीमेट भेजें, सरकार तुरंत देगी धन, CM योगी ने अफसरों को दिए निर्देश

cm_1787978340899_1787978347141_2

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के दौरान विभिन्न जिलों से आए करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लगाई तो मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद मरीजों के इलाज का एस्टीमेट जल्द तैयार कर शासन को भेजा जाए, सरकार एस्टीमेट मिलते ही उपचार के लिए धन उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि उत्तर प्रदेश में किसी व्यक्ति को धन के अभाव में इलाज से वंचित नहीं होने दिया जाएगा और किसी को खुद को असहाय महसूस करने की जरूरत नहीं है।

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद कुर्सियों पर बैठे लोगों तक पहुंचे और उनकी शिकायतें सुनीं। उन्होंने लोगों के प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए समस्याओं का तेजी से और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

इलाज के मामलों में संवेदनशीलता से काम करने के निर्देश

जनता दर्शन में गंभीर बीमारियों से पीड़ित कई लोग आर्थिक मदद की उम्मीद लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पैसे की कमी के कारण किसी का इलाज नहीं रुकना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जरूरतमंद मरीजों के उच्चस्तरीय उपचार के लिए आवश्यक एस्टीमेट जल्द तैयार कराकर उपलब्ध कराया जाए। एस्टीमेट मिलते ही सरकार की ओर से उपचार के लिए धन उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने ऐसे मामलों में पूरी प्रक्रिया तेजी और संवेदनशीलता के साथ पूरी करने को कहा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले। इसके साथ ही जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले भू-माफिया और दबंगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों का भी प्राथमिकता के आधार पर तेजी से निस्तारण करने को कहा गया।

पारिवारिक विवादों में बातचीत से समाधान पर जोर

जनता दर्शन में कुछ लोग पारिवारिक विवादों से जुड़ी शिकायतें लेकर भी पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों में संबंधित पक्षों के बीच बातचीत कराने की पहल की जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रयास हो कि परिवार से जुड़े विवादों का समाधान आपसी बातचीत और समझौते के माध्यम से घर में ही हो जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता और पारदर्शिता बनाए रखने को कहा।

हर पीड़ित को पारदर्शी समाधान का भरोसा

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक प्रार्थना पत्र पर गंभीरता से कार्रवाई की जाए और पात्र लोगों को राहत पहुंचाने में अनावश्यक देरी न हो। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार कठिन परिस्थितियों में जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने गोसेवा कर गोवंश को खिलाया गुड़-पूड़ी

गोरखनाथ मंदिर में प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की शनिवार सुबह की दिनचर्या परंपरागत रही। गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन करने के बाद उन्होंने अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की प्रतिमा के सामने शीश नवाया। इसके बाद वह मंदिर परिसर स्थित गोशाला पहुंचे और गोसेवा की। मुख्यमंत्री ने गायों और अन्य गोवंश को गुड़-पूड़ी खिलाई।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र