इधर अमेरिका के साथ सैन्य अभ्यास, उधर रूस पहुंचे आर्मी चीफ; जानें क्या है भारत का प्लान

Untitled-5-1

नई दिल्ली: अमेरिका के साथ संयुक्त सैन्य अभ्यास के बीच भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ रूस के दौरे पर पहुंचे हैं। उनका मॉस्को दौरा 16 से 18 सितंबर 2026 तक है। इस यात्रा का उद्देश्य भारत और रूस के बीच लंबे समय से चले आ रहे रक्षा संबंधों तथा दोनों सेनाओं के बीच सैन्य सहयोग को और मजबूत करना है। रूस पहुंचने पर जनरल धीरज सेठ को मॉस्को में गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा।

सेना प्रमुख मॉस्को स्थित टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर पर शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि भी देंगे। इसके बाद वह रूसी लैंड फोर्सेज के कमांडर-इन-चीफ कर्नल जनरल आंद्रेई मोर्दविचेव से मुलाकात करेंगे। दोनों अधिकारियों के बीच सैन्य सहयोग, प्रशिक्षण और साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। जनरल धीरज सेठ नेशनल डिफेंस कंट्रोल सेंटर, मॉस्को का दौरा भी करेंगे।

रूसी रक्षा अधिकारियों के साथ आधुनिक सैन्य तकनीक पर चर्चा

सेना प्रमुख रूसी रक्षा मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी बैठक करेंगे। इनमें रक्षा उद्योग और सैन्य खरीद से जुड़े उप रक्षा मंत्री वसीली ओस्माकोव शामिल हैं। इन बैठकों में आधुनिक सैन्य तकनीक, रक्षा उद्योग और भारत-रूस रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने के संभावित रास्तों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

दौरे के अगले चरण में जनरल धीरज सेठ सेंट पीटर्सबर्ग जाएंगे। यहां वह मिखाइलोव्स्काया मिलिट्री आर्टिलरी अकादमी का दौरा करेंगे और अकादमी के अधिकारियों तथा फैकल्टी से बातचीत करेंगे।

भारत-रूस सैन्य संबंधों को मजबूत करने पर जोर

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, जनरल धीरज सेठ का रूस दौरा दोनों देशों के बीच सैन्य कूटनीति और सेना-सेना सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। इस यात्रा के दौरान होने वाली बैठकों के जरिए लंबे समय से चले आ रहे भारत-रूस रक्षा संबंधों को आगे बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

अमेरिका के साथ उत्तराखंड और राजस्थान में सैन्य अभ्यास

इसी बीच भारत और अमेरिका की सेनाओं का संयुक्त युद्ध अभ्यास मंगलवार को उत्तराखंड के औली में शुरू हुआ है। इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों सेनाओं के बीच बेहतर तालमेल विकसित करना, नई सुरक्षा चुनौतियों से निपटने की क्षमता बढ़ाना और दोनों देशों के रक्षा सहयोग को मजबूत करना है।

रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह सैन्य अभ्यास औली के साथ-साथ राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में भी एक साथ आयोजित किया जा रहा है। एक ओर अमेरिकी सेना के साथ संयुक्त अभ्यास चल रहा है, वहीं दूसरी ओर भारतीय सेना प्रमुख का रूस दौरा दोनों देशों के साथ भारत के रक्षा सहयोग के अलग-अलग आयामों को रेखांकित करता है।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र