सर्दियों में सुबह उठते ही जकड़ जाते हैं हाथ-पैर? जोड़ों के दर्द से राहत के लिए अपनाएं ये 5 आसान आदतें
ठंड में क्यों बढ़ जाती है जोड़ों की परेशानी?
डॉ. हेत्वी शुक्ला के अनुसार, सर्दियों में ठंड और रातभर शरीर की गतिविधियां कम रहने के कारण जोड़ों में अकड़न ज्यादा महसूस हो सकती है। सोते समय लंबे वक्त तक एक ही स्थिति में रहने से शरीर की मूवमेंट सीमित हो जाती है। इसके अलावा ठंड के मौसम में लोग आमतौर पर शारीरिक गतिविधियां भी कम कर देते हैं। इन वजहों से सुबह उठते समय हाथ-पैर मोड़ने, चलने और सीढ़ियां चढ़ने में परेशानी हो सकती है।
सुबह बिस्तर पर ही कुछ आसान मूवमेंट करने और दिनभर हल्का-फुल्का सक्रिय रहने से जोड़ों को आराम मिल सकता है।
सुबह बिस्तर पर ही करें ये 5 आसान एक्सरसाइज
1. पंजों को धीरे-धीरे ऊपर-नीचे करें
सुबह आंख खुलने के तुरंत बाद बिस्तर से उठने की जल्दबाजी न करें। पहले पैरों को सीधा रखें और पंजों को धीरे-धीरे अपनी तरफ खींचें। इसके बाद उन्हें आगे की ओर ले जाएं। इस प्रक्रिया को कुछ बार दोहराने से पैरों और टखनों में हलचल आती है और सुबह होने वाली अकड़न कम करने में मदद मिल सकती है।
2. घुटनों को मोड़ें और फिर सीधा करें
बिस्तर पर लेटे हुए एक पैर को धीरे-धीरे मोड़ें और फिर वापस सीधा कर लें। इसके बाद दूसरे पैर से भी यही प्रक्रिया दोहराएं। इस दौरान जल्दबाजी न करें। अगर किसी मूवमेंट से दर्द बढ़ता है तो उसे जबरदस्ती करने से बचें। यह अभ्यास सुबह घुटनों को धीरे-धीरे सक्रिय करने में मदद कर सकता है।
3. उंगलियों और कलाई को दें हलचल
सर्दियों में हाथों की उंगलियों और कलाई में भी जकड़न महसूस हो सकती है। इससे राहत के लिए धीरे-धीरे मुट्ठी बंद करें और फिर खोलें। इसके बाद कलाई को हल्के हाथों से गोल घुमाएं। इस तरह की छोटी-छोटी गतिविधियां हाथों की गतिशीलता बनाए रखने में सहायक हो सकती हैं।
4. बिस्तर से उठने के बाद करें हल्की स्ट्रेचिंग
उठने के तुरंत बाद तेज गतिविधियां शुरू करने के बजाय शरीर को थोड़ा समय दें। गर्दन, कंधों, हाथों और पैरों की हल्की स्ट्रेचिंग करें। लंबे समय तक एक ही जगह बैठे या लेटे रहने से बचें। दिन में थोड़ी-थोड़ी देर चलना और हल्का व्यायाम करना भी जोड़ों को सक्रिय रखने में मदद कर सकता है।
5. दर्द वाली जगह पर करें गर्म सिकाई
अगर सुबह जोड़ों में ज्यादा दर्द या अकड़न महसूस हो तो गर्म पानी की थैली से हल्की सिकाई की जा सकती है। इससे मांसपेशियों को आराम मिल सकता है और जकड़न कम महसूस हो सकती है। ध्यान रखें कि थैली बहुत गर्म न हो और उसे सीधे त्वचा पर न लगाएं, ताकि जलने का खतरा न रहे।
डाइट में शामिल करें खजूर, अंजीर और दूध
सर्दियों में जोड़ों की देखभाल के लिए शारीरिक गतिविधियों के साथ खानपान पर ध्यान देना भी जरूरी है। खजूर और अंजीर जैसे फल शरीर को ऊर्जा और पोषक तत्व देते हैं। वहीं, दूध कैल्शियम और प्रोटीन का अच्छा स्रोत है, जो हड्डियों की सेहत के लिए जरूरी हैं। रोजाना संतुलित और पौष्टिक आहार लें। इसके साथ पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
अगर जोड़ों का दर्द लगातार बना रहता है, सूजन दिखाई देती है या चलने-फिरने में परेशानी बढ़ रही है, तो इसे सामान्य अकड़न समझकर नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।






