जल्दी गोरा होने के चक्कर में किडनी पर खतरा, केमिकल वाली क्रीम पहुंचा सकती हैं गंभीर नुकसान
पीएमसीएच, आईजीआईएमएस और एम्स पटना के नेफ्रोलॉजी विभागों की ओपीडी में हर महीने ऐसी आठ से दस महिलाएं इलाज के लिए पहुंच रही हैं, जिन्हें क्रीम के इस्तेमाल के बाद किडनी संबंधी परेशानी हुई। जांच के दौरान मरीजों ने बताया कि उन्होंने ऑनलाइन खरीदारी की वेबसाइटों से क्रीम मंगाई थी और उसका इस्तेमाल किया था।
पिछले दो वर्षों में इस तरह के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पीएमसीएच के नेफ्रोलॉजी विभाग के डॉ. गोपाल प्रसाद के मुताबिक, हर महीने ऐसी महिला मरीज सामने आ रही हैं। इनमें शादी के उद्देश्य से गोरा दिखने की चाह रखने वाली महिलाओं की संख्या अधिक है। किशोर और किशोरियां भी तेजी से ऐसी क्रीमों का इस्तेमाल करने लगे हैं। सोशल मीडिया पर विज्ञापन देखकर लोग बिना विशेषज्ञ की सलाह लिए इन उत्पादों को खरीद रहे हैं।
दुल्हनों के मेकअप में भी हो रहा इस्तेमाल
शादी के मौके पर दुल्हनों को खास रूप देने के लिए कई ब्यूटी पार्लरों में मेकअप के दौरान भी ऐसी क्रीमों का इस्तेमाल किया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, रसायनयुक्त क्रीम को लंबे समय तक चेहरे पर लगाने से केवल त्वचा ही नहीं, बल्कि शरीर के दूसरे अंग भी प्रभावित हो सकते हैं।
नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. हेमंत कुमार ने बताया कि हाल के दिनों में शादी कर चुकी कई महिलाएं भी किडनी संबंधी परेशानी के साथ अस्पताल पहुंच रही हैं। उनके मुताबिक, गलत क्रीम के इस्तेमाल का असर इन मरीजों की किडनी पर पड़ा है।
विशेषज्ञों ने क्रीम के इस्तेमाल को लेकर दी चेतावनी
आईजीआईएमएस के किडनी रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश कुमार तिवारी ने बताया कि गोरा करने का दावा करने वाली कई क्रीमों में ऐसे रसायन होते हैं, जो त्वचा के जरिये शरीर में प्रवेश कर सकते हैं और किडनी को नुकसान पहुंचा सकते हैं। मरीजों से पूछताछ के दौरान क्रीम के इस्तेमाल की जानकारी सामने आ रही है। उन्होंने महिलाओं को ऐसी क्रीमों से बचने की सलाह दी है।
क्रीम में मौजूद रसायन कैसे पहुंचाते हैं नुकसान?
गोरापन बढ़ाने के नाम पर बेची जाने वाली कुछ क्रीमों में पारा यानी मरकरी मिलाया जाता है। त्वचा पर लगाने के बाद यह शरीर में प्रवेश कर सकता है और किडनी की कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकता है।
कुछ क्रीमों में मौजूद रसायनों के कारण मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी जैसी बीमारी होने का खतरा रहता है। इस स्थिति में किडनी में सूजन आ सकती है और पेशाब के जरिये शरीर का जरूरी प्रोटीन बाहर निकलने लगता है।
इसके अलावा, कुछ उत्पादों में हाइड्रोक्विनोन और स्टेरॉयड की मात्रा अधिक होती है। लंबे समय तक इनका इस्तेमाल त्वचा और किडनी पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है।
क्रीम खरीदने और इस्तेमाल करने से पहले बरतें सावधानी
- गोरापन बढ़ाने का दावा करने वाली क्रीमों के इस्तेमाल से बचें।
- बिना लेबल और सामग्री की जानकारी वाली खुली क्रीम न खरीदें।
- सोशल मीडिया पर तुरंत निखार देने के दावों पर भरोसा न करें।
- क्रीम खरीदने से पहले उसके पैकेट पर लिखी सामग्री और जरूरी जानकारियां जरूर पढ़ें।
- क्रीम लगाने के बाद पेशाब में झाग आना, पैरों या आंखों में सूजन, बिना वजह थकान, शरीर में दर्द या हाथ-पैरों में कंपकंपी जैसे लक्षण दिखें तो किडनी रोग विशेषज्ञ से संपर्क करें।






