अयोध्या दीपोत्सव को लेकर सीएम योगी सख्त, बोले- श्रद्धालुओं को न हो कोई परेशानी, समय से पूरी हों तैयारियां

3A_8
अयोध्या: दीपोत्सव-2026 को भव्य और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को श्रीराम जन्मभूमि परिसर स्थित पीएफसी सभागार में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या आने वाले किसी भी श्रद्धालु, अतिथि या पर्यटक को असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को समयसीमा के भीतर पूरा करें।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव की तैयारियों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि दिव्य दीपोत्सव को भव्यता के साथ आयोजित करने में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। अयोध्या पहुंचने वाले वीवीआईपी अतिथियों, साधु-संतों और विशिष्ट जनों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। इसके साथ ही देश-विदेश से दर्शन-पूजन और पर्यटन के लिए आने वाले लोगों के लिए भी बेहतर इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने दीपोत्सव के दौरान बुनियादी सुविधाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल और साफ-सफाई की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। प्रमुख मार्गों, घाटों और आयोजन स्थलों पर लगातार स्वच्छता बनाए रखी जाए।

भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और आवागमन के प्रबंध भी प्रभावी बनाए जाएं। संबंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन करें और तैयारियों की नियमित निगरानी करते रहें, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

घर-घर दीप जलाकर दीपोत्सव में भागीदारी करें नागरिक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव को जनभागीदारी का उत्सव बनाने की अपील की। उन्होंने अयोध्या के नागरिकों से कहा कि वे अपने घरों और प्रतिष्ठानों में दीप जलाकर इस आयोजन का हिस्सा बनें। शैक्षणिक, सामाजिक और अन्य संस्थानों से भी अपने परिसरों में दीप प्रज्ज्वलित करने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपोत्सव की भव्यता केवल आयोजन स्थलों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पूरे जनपद में उत्सव का माहौल दिखाई देना चाहिए। जनसहभागिता से रामनगरी को दीपों की रोशनी से सजाने का प्रयास किया जाए।

अधिकारियों को लगातार निगरानी करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लेने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि व्यवस्थाओं में जहां भी कोई कमी दिखाई दे, उसे तत्काल दूर कराया जाए। सभी संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें और निर्धारित समयसीमा में सभी इंतजाम पूरे करें।समीक्षा बैठक में जनप्रतिनिधियों के अलावा मंडलायुक्त और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र