भारत समेत दुनियाभर में यूट्यूब ठप, वीडियो न चलने से यूजर्स परेशान, सोशल मीडिया पर मीम्स की बाढ़

jagran-photo-1771380258629_v

नई दिल्ली। दुनिया के सबसे बड़े वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म YouTube पर मंगलवार रात से वैश्विक स्तर पर तकनीकी दिक्कतें देखने को मिलीं। भारत सहित कई देशों में यूजर्स न तो वेबसाइट एक्सेस कर पा रहे हैं और न ही ऐप पर वीडियो चला पा रहे हैं। अचानक आई इस समस्या से लाखों यूजर्स का डिजिटल रूटीन प्रभावित हो गया।

अमेरिका से शुरू हुआ आउटेज, भारत तक दिखा असर

आउटेज ट्रैक करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के मुताबिक, अमेरिका में शाम करीब 8 बजे (ईएसटी) के आसपास यूट्यूब में दिक्कतें शुरू हुईं। कुछ ही समय में वहां 3 लाख 20 हजार से ज्यादा यूजर्स ने वीडियो न चलने और प्लेटफॉर्म एक्सेस न होने की शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद यह समस्या धीरे-धीरे अन्य देशों में भी फैलती नजर आई।

भारत में हजारों यूजर्स ने की शिकायत

भारत में भी सुबह के समय बड़ी संख्या में यूजर्स ने यूट्यूब डाउन होने की जानकारी दी। डाउनडिटेक्टर पर 18 हजार से ज्यादा रिपोर्ट्स दर्ज की गईं। कई यूजर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि उनके यहां वीडियो प्ले नहीं हो रहे, सर्च रिजल्ट्स लोड नहीं हो रहे या फिर ऐप बार-बार एरर दिखा रहा है।

सोशल मीडिया पर दिखा यूजर्स का गुस्सा और मजाक

यूट्यूब के डाउन होते ही सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कुछ यूजर्स ने नाराजगी जाहिर की, तो कई लोगों ने इस स्थिति को मजाक में लिया। एक यूजर ने लिखा कि यूट्यूब के बिना रात का खाना बनाना मुश्किल हो गया है, क्योंकि बैकग्राउंड में वीडियो चलाकर ही कुकिंग होती है। वहीं, दूसरे यूजर ने कहा कि डिनर टाइम पर यूट्यूब का डाउन होना किसी डिजिटल क्राइसिस से कम नहीं है। ऐसे कई मीम्स और पोस्ट्स तेजी से वायरल होते नजर आए।

अब तक नहीं आया आधिकारिक बयान

इस वैश्विक आउटेज को लेकर अब तक Google या यूट्यूब की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। न ही यह साफ हो पाया है कि समस्या की वजह क्या है और इसे पूरी तरह ठीक होने में कितना वक्त लगेगा। टेक एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह सर्वर से जुड़ी तकनीकी गड़बड़ी हो सकती है, जो पहले अमेरिका में सामने आई और बाद में दुनियाभर में असर दिखाने लगी।


एक नज़र