WPL का पहला मेगा ऑक्शन: दीप्ति शर्मा बनीं दूसरी सबसे महंगी खिलाड़ी, 3 करोड़ में अमेलिया को मुंबई ने खरीदा
नई दिल्ली: महिला प्रीमियर लीग 2026 के लिए गुरुवार को दिल्ली में हो रही नीलामी से पहले बीसीसीआई ने सीजन के कार्यक्रम को लेकर अहम ऐलान किया है। महिला प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन 9 जनवरी से 5 फरवरी तक होगा। मेगा ऑक्शन में अब तक भारत की दीप्ति शर्मा पर सबसे बड़ी बोली लगी है। उन्हें 3.2 करोड़ रुपए में यूपी वॉरियर्स ने खरीदा है। दीप्ति को पहले दिल्ली ने 50 लाख रुपए में खरीदा था। फिर यूपी ने उन पर राइट टु मैच (RTM कार्ड) का इस्तेमाल किया।
दिल्ली ने उनकी कीमत बढ़ाकर 3.2 करोड़ रुपए कर दी। यूपी ने इस प्राइस को भी मैच किया और दीप्ति को टीम में शामिल कर लिया। मुंबई इंडियंस ने न्यूजीलैंड की अमीलिया केर को 3 करोड़ रुपए में अपने साथ जोड़ा है। पहली बोली ऑस्ट्रेलिया की एलिसा हीली पर लगी। लेकिन, उन्हें किसी ने नहीं खरीदा। न्यूजीलैंड की सोफी डिवाइन को गुजरात ने 2 करोड़ रुपए में खरीदा है। दिल्ली ने दीया यादव को 10 लाख जबकि मुंबई ने संस्कृति गुप्ता को 20 लाख रुपये में लिया। सनिका चालके, प्रणवी चंद्रा, वृंदा दिनेश, डेविना पेरिन, दिशा कसाट और आरुषि गोयल अनसोल्ड रहीं।
भारतीय ऑलराउंडर आशा सोभना को यूपी वॉरियर्स ने 1.10 करोड़ रुपए में खरीदा। वहीं, इंग्लैंड की लिंसी स्मिथ को बेंगलुरु ने बेस प्राइस 30 लाख में अपने साथ जोड़ा। ऑस्ट्रेलिया की अलाना किंग, सायका इशाक, प्रिया मिश्रा और अमांडा वेलिंगटन पर कोई बोली नहीं लगी। ऑक्शन में कुल 277 खिलाड़ियों की किस्मत दांव पर है, जिसमें 194 भारतीय और 83 विदेशी हैं। हालांकि, अधिकतम 73 खिलाड़ियों को ही खरीदा जा सकेगा। पांच टीमों में 50 भारतीय और 23 विदेशी खिलाड़ी के लिए ही स्लॉट है। हर फ्रेंजाइजी अपने स्क्वॉड में कम से कम 15 और ज्यादा से ज्यादा 18 प्लेयर ही शामिल कर सकती है।

बीसीसीआई के मुताबिक अगले सीजन के मुकाबले नवी मुंबई और वडोदरा में खेले जाएंगे। नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम और वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में मैच खेले जाएंगे। फाइनल मुकाबला वडोदरा में खेला जाएगा। नवी मुंबई पिछले कुछ सालों में महिला अंतरराष्ट्रीय मैचों और महिला प्रीमियर लीग के लिए बेहद अहम वेन्यू के रूप में उभरा है, लेकिन वडोदरा में होने वाले मैच निश्चित रूप से उस क्षेत्र के लोगों के लिए रोमांच पैदा करेंगे। महिला प्रीमियर लीग 2026 लीग का चौथा सीजन होगा। लीग की शुरुआत 2023 में हुई थी। पिछले तीन सीजन में 2 बार मुंबई इंडियंस चैंपियन रही है, जबकि तीनों ही सीजन में दिल्ली कैपिटल्स उप उपविजेता रही है।

