एनसीआर में बदला मौसम, आज तेज बारिश और आंधी की संभावना

SHWD

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में बीते तीन दिनों से खिली धूप के बाद आज मंगलवार को एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आज 27 जनवरी को एनसीआर के कई हिस्सों में तेज बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी आने की संभावना जताई गई है।

दिनभर अलग-अलग समय पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी तेज हवा

मौसम विभाग ने बताया है कि दिनभर अलग-अलग समय पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, साथ ही बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार 27 जनवरी को अधिकतम तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है। नमी का स्तर भी काफी अधिक रहेगा, जो सुबह के समय 100 प्रतिशत तक और दिन में करीब 80 प्रतिशत रहने की संभावना है।

गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी

सुबह, दोपहर, शाम और रात—चारों समय गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 28 जनवरी से मौसम में फिर बदलाव देखने को मिलेगा। आईएमडी के अनुसार 28, 29 और 30 जनवरी को एनसीआर में मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है। 28 जनवरी को तापमान 18 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि 29 और 30 जनवरी को अधिकतम तापमान 18-19 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

लोगों को सावधानी बरतने की सलाह

इन दिनों किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि बारिश और तेज हवाओं के कारण प्रदूषण से काफी हद तक राहत मिलेगी, लेकिन इसके साथ ही ठंड में इजाफा होगा। लोगों को ठंड और खराब मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।