अयोध्या में जल्द खुलने वाली ‘वैदेही आर्ट गैलरी’, सीएम योगी बोले- नई पीढ़ी को सीता माता के दिव्य चरित्र से होगा परिचय

download-1770248292988_v

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या धाम में माता सीता के जीवन-चरित्र पर आधारित वैदेही आर्ट गैलरी की स्थापना के निर्देश दिए हैं। बुधवार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की बैठक में उन्होंने कहा कि सीता माता भारतीय संस्कृति, मर्यादा और नैतिक आदर्शों की अनुपम प्रेरणा हैं और नई पीढ़ी को उनके उज्ज्वल चरित्र से परिचित कराना आज की आवश्यकता है।

आर्ट गैलरी होगी आधुनिक तकनीक और संस्कृति का संगम
मुख्यमंत्री ने गैलरी की परिकल्पना साझा करते हुए बताया कि यह केवल एक कला-संग्रहालय नहीं होगी, बल्कि सीता माता के जीवन, त्याग, करुणा, धैर्य और शक्ति को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित करने वाली एक जीवंत सांस्कृतिक अनुभव-स्थली होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि गैलरी की कथा-वस्तु, डिजाइन, विजुअल भाषा और कला सभी इस भावना को प्रकट करें कि यह नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत का कार्य करेगी।

अगंतुकों को अनुभव करना होगा जीवन-संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि आगंतुक गैलरी में केवल सीता माता के जीवन को देखने नहीं आएं, बल्कि उनके संदेश को अनुभव करें, समझें और आत्मसात करें। उन्होंने अयोध्या विकास प्राधिकरण को सुझाव दिया कि यह गैलरी श्री राम जन्मभूमि मंदिर के निकट वशिष्ठ भवन परिसर में विकसित की जा सकती है।

अयोध्या को वैश्विक सांस्कृतिक नगर बनाने की दिशा में कदम
गैलरी के माध्यम से मिथिला की संस्कृति, लोकपरंपरा और कला के विविध आयामों को भी प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना अयोध्या के वैश्विक सांस्कृतिक नगर के रूप में उभरने के प्रयासों का एक महत्वपूर्ण चरण साबित होगी।

एक नज़र