UP Weather Today: यूपी में मौसम का बड़ा बदलाव, आज 19 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

rain-file-pic-1771378924397_v

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गुलाबी ठंड के विदा होते ही मौसम ने करवट ले ली है। काले बादलों की आवाजाही के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में आज मौसम बदलने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने 18 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 19 जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।

पश्चिमी यूपी के जिलों में बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी संभाग के जिलों में दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मुरादाबाद, बरेली, रामपुर, पीलीभीत के तराई क्षेत्र, अमरोहा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, शामली, अलीगढ़, हाथरस, मैनपुरी और फिरोजाबाद समेत कई जिलों में आकाश में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। दोपहर के समय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

पूर्वी और मध्य यूपी में तेज हवाओं का अनुमान

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक प्रदेश के कई अन्य जिलों में बारिश भले न हो, लेकिन तेज हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, बलिया, बस्ती, अयोध्या, लखीमपुर खीरी और सुल्तानपुर में हवा की रफ्तार बढ़ने के आसार हैं, जिससे तापमान में हल्की गिरावट महसूस की जा सकती है।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान

मौसम विज्ञानी मो. दानिश के अनुसार बुधवार को दिन के समय बादल छाए रहने के साथ हल्की वर्षा हो सकती है। यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के असर से देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि यह स्थिति कुछ समय के लिए रहेगी और इसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी संभव है।

बीते दिन कैसा रहा मौसम

मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में सुबह से तेज धूप देखने को मिली थी, जबकि दोपहर के समय हवाएं चलती रहीं। तापमान की बात करें तो आगरा में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को हल्की बारिश के कारण मौसम में नरमी आ सकती है।

एक नज़र