UP Weather: एक हफ्ते पुरवाई चलने से धूप में रहेगी नरमी, अगले सप्ताह से कोहरा गिराएगा पारा
अभी एक सप्ताह पुरवाई और चलेगी। इससे धूप में नरमी रहेगी। यदि तापमान चढ़ते भी हैं तो अधिकतम और न्यूनतम के अंतर में कमी से शाम और रात में सर्दी का अहसास बढ़ जाएगा। गुरुवार को न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि तो हुई लेकिन प्रदेश में कानपुर की रात फिर सबसे सर्द रही। मौसम विभाग के अनुसार, 28 के बाद आएगी कंपकंपाने वाली सर्दी की शुरुआत होगी।
नवंबर माह की शुरुआत पुरवाई से हुई थी लेकिन पहले ही सप्ताह पश्चिमी हवा चलने लगी थी। इसके बाद तापमान में गिरावट आई और अच्छी सर्दी का अहसास शुरू हो गया। खासतौर से रात के तापमान में अधिक गिरावट रही, जिससे रातें सर्द हो गईं। बुधवार से फिर पूर्वी हवाओं ने जोर मारा। इससे रात का पारा बढ़ेगा लेकिन दिन में अधिक असर नहीं पड़ेगा। गुरुवार को अधिकतम तापमान में 01.2 डिग्री की वृद्धि हो गई। पहली बार तापमान सामान्य रहा है। वहीं, न्यूनतम तापमान में मामूली वृद्धि हुई। पारा 10.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य से 2.2 डिग्री कम है। प्रदेश में लगातार न्यूनतम पारा अन्य जनपदों से कम चल रहा है।
अगले एक हफ्ते तक दिन में रहेगा घना कोहरा
ठंड बढ़ने के साथ कोहरे की चादर भी घनी होती जा रही है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक सप्ताह तक सुबह कोहरा का प्रभाव रहेगा। वहीं दो दिनों में न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। गुरुवार सुबह दृश्यता घटकर 600 मीटर दर्ज की गई। जिसके आगामी दिनों में और कम होने के आसार हैं।

गुरुवार को अधिकतम तापमान 28.3 रहा जो सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया जो 12.6 था। शुक्रवार से रविवार तक अधिकतम तापमान 12 और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। वहीं दिन में लोग गर्मी लेने के लिए धूप का सहारा ले रहे हैं। मौसम विज्ञानी मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि अगले दो दिनों में एक से दो डिग्री तापमान और गिरने का अनुमान है। साथ ही कोहरे का प्रभाव भी बढ़ेगा।

