UP Weather: पारा 4 डिग्री से नीचे, ठंड ने कंपाया, शीतलहर से बढ़ेगी गलन भरी सर्दी

delhi_cold_wave_1733728541371_1733728541612

यूपी में ठंड लगातार अपने असर दिखा रही है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में जारी गिरावट ने आमजन की दिनचर्या को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और शाम कड़ाके की ठिठुरन महसूस की जा रही है।

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया। इसके चलते शीतलहर जैसी स्थिति बनी रही। अधिकारियों ने बताया कि अगले कुछ दिनों में रात के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के पास होने से तापमान में बढ़ोतरी होती है। अब विक्षोभ गुजर गया है। तापमान में गिरावट हुई है। इसके पीछे एक और विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। दो दिन बाद तापमान बढ़ने की संभावना है। उसके बाद फिर से गिरावट होगी।

गलन की ओर बढ़े ठंड के पांव
पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के कारण ठंड बढ़ गई है। दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है। रात का तापमान चार डिग्री तक गिर गया है। इसके कारण ठंड अब हल्की गलन के रूप में महसूस की जा रही है। इस सीजन की सबसे सर्द रात गुरुवार को रही। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले दो दिनों तक यह गिरावट जारी रहेगी। इसके बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। जिसके कारण फिर से तापमान में बढ़ोतरी होगी। शुक्रवार सुबह आसमान में हल्का कोहरा छाया था। सुबह करीब सात बजे दृश्यता आठ सौ मीटर दर्ज की गई।

वहीं करीब 10 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा के कारण हल्की ठिठुरन भी महसूस हो रही थी। दिन में तेज धूप निकली थी। इसके बाद दिन ढला तो ठंड ने फिर पांव पसार लिए। देर शाम के बाद हल्की गलन का भी अहसास होने लगा था। दिन का तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा 22 और रात का सामान्य से 3.4 डिग्री कम 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटे में दिन में 0.5 और रात में 4.2 डिग्री की गिरावट हुई है।