UP: 17 सितंबर से शुरू होगा सेवा दिवस का महाअभियान, एक महीने तक घर-घर पहुंचेगी सरकार; योगी बोले- पीएम मोदी की 25 साल की यात्रा का होगा अभिनंदन

yogi-1

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सेवा दिवस कार्यक्रम को लेकर कहा कि उत्तर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान अलग-अलग कार्यक्रमों के लिए कार्ययोजना तैयार की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता जताने और उनकी यात्रा का अभिनंदन करने के लिए राज्य सरकार और संगठन मिलकर कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 7 अक्टूबर 2026 को नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होंगे। इस 25 वर्ष की यात्रा के अभिनंदन के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जिन क्षेत्रों में योजनाएं बनाई हैं, उनमें समग्र विकास की सोच और स्पष्ट विजन दिखाई देता है।

गुजरात से लेकर देश तक विकास मॉडल का जिक्र

सीएम योगी ने कहा कि किसी योजना को सफलतापूर्वक लागू करना और उसका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और दुनिया ने देखा है। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के सामने उस समय सूखे, पेयजल संकट और कनेक्टिविटी जैसी कई चुनौतियां थीं।

योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, लंबी अवधि की परियोजनाओं को पूरा कर गुजरात के अंतिम गांव तक पेयजल पहुंचाया गया। इसके साथ ही गुजरात को कल्याणकारी राज्य के साथ-साथ बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में भी ऐसा मॉडल बनाया गया, जो करीब 13 साल के कार्यकाल के दौरान देश-दुनिया के आकर्षण का केंद्र बना।

‘प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा नए भारत का दर्शन कराती है’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यात्रा नए भारत की तस्वीर पेश करती है। उनके नेतृत्व में देश को विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा मिला और कल्याणकारी योजनाओं का विस्तार हुआ। उन्होंने कहा कि भारत को दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने का मॉडल सामने रखा गया और देश को वैश्विक शक्ति के रूप में स्थापित किया गया।

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जी-20 के अलग-अलग आयोजनों को सफलतापूर्वक कराया गया। उन्होंने ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए इसे भी नए भारत की तस्वीर दिखाने वाला आयोजन बताया।

सोमनाथ मंदिर को लेकर कांग्रेस पर निशाना

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमनाथ मंदिर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने सोमनाथ मंदिर का विरोध किया था और राष्ट्रपति को पत्र लिखकर कार्यक्रम में शामिल नहीं होने के लिए कहा गया था। हालांकि, इन सबके बावजूद राष्ट्रपति उस कार्यक्रम का हिस्सा बने।

योगी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का काम भारत की विरासत का अपमान करना रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को भारत के विकास, विरासत और वैश्विक पहचान से जोड़ते हुए सेवा दिवस अभियान के जरिए उनके योगदान को याद करने की बात कही।

 

----------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र