देहरादून के पास ये खूबसूरत हिल स्टेशन गर्मी में देंगे सुकून, आज ही बना लें प्लान

नई दिल्ली: तेज धूप और गर्म हवा में रोजाना हम ऑफिस या काम के सिलसिले में इधर से उधर घूमते रहते हैं। जिसके बाद हमें पहाड़ों की याद सताने लगती है। गर्मी के मौसम में हिल स्टेशन से बेहतरीन जगह कोई नहीं हो सकती है। शहर के शोर शराबे से दूर शांति और सुकून देने वाली कई जगह हैं जहां पर पहाड़ों का लुत्फ लिया जा सकता है। अगर आप देहरादून के आसपास घूमने के बारे में सोच रहे हैं तो यहां कुछ जगह ट्रिप का प्लान कर सकते हैं।
देहरादून के पास स्थित यह जगह किसी स्वर्ग से कम नहीं है। पहाड़, हरे भरे जंगल, झील, ठंडी हवा जैसे मन को अंदर तक शांत कर देती है। ऐसे में देरी किए बिना गर्मी से दूर ठंडे हिल स्टेशन पर कुछ समय बिताने के लिए जा सकते हैं। आज हम आपको देहरादून के पास मौजूद ऐसी ही कुछ जगहों के बारे में बताने जा रहे हैं।
कानाताल
देहरादून से कानाताल लगभग 73 किमी की दूरी पर स्थित है। यहां पर आप अपनी गाड़ी से भी घूमने का प्लान कर सकते हैं। रोड ट्रिप के लिए यह जगह बेस्ट रहेगी। यहां के बेहतरीन नजारे और शानदार सड़कें अच्छा अनुभव देगी। मसूरी से भी यह जगह ज्यादा दूर नहीं है। जून जुलाई के महीने में यहां का मौसम सुहाना होता है जिस वजह से घूमने का मजा बढ़ जाता है।
मसूरी

उत्तराखंड में पहाड़ों की रानी के नाम से पहचानी जाने वाली यह जगह जन्नत से कम नहीं है। यहां पर अगर आप एक बार घूमने आएंगे तो इस जगह को कभी भूल नहीं पाएंगे। इस जगह की प्राकृतिक खूबसूरती आंखों में इस कदर बस जाती है कि स्वर्ग जैसा महसूस होता है। दोस्तों के साथ घूमने के लिए यह जगह बेस्ट है। यहां पर केम्टी फॉल और माल रोड जैसी जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं।
लैंडोर
देहरादून से करीब 40 किमी की दूरी पर स्थित हिल स्टेशन लैंडोर बहुत ही खूबसूरत जगह है। यह जगह मसूरी के काफी नजदीक है जहां पर आप दोस्तों के साथ मौज मस्ती का प्लान कर सकते हैं। इस गर्मी राहत और सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं तो लैंडोर घूमने का प्लान कर सकते हैं। मसूरी से यहां सिर्फ 20 मिनट में पहुंच सकते हैं।
इन हिल स्टेशन के अलावा आप देहरादून के आसपास चकराता, नई टिहरी, धनोल्टी आदि हिल स्टेशन की सैर भी कर सकते हैं। इन जगहों पर घूमना यादगार लम्हों को बनाने में मदद करेगा। दोस्तों, परिवार या फिर पार्टनर के साथ घूमने के लिए ये जगह बेस्ट रहेंगी।