टाटा सिएरा की तगड़ी दहाड़, 1 महीने में बिकीं इतनी गाड़ियां, क्रेटा-सेल्टोस की बढ़ी टेंशन
भारतीय कार कंपनी टाटा मोटर्स की ओर से हाल ही में लॉन्च हुई टाटा सिएरा SUV ने बाजार में जोरदार एंट्री की है। बिक्री शुरू होने के दूसरे ही महीने में यह टॉप 10 सबसे ज्यादा बिकने वाली SUVs की लिस्ट में शामिल हो गई। पहले महीने इसकी डिलीवरी देर से शुरू हुई थी, इसके बावजूद जनवरी में 7,003 ग्राहकों ने इसे खरीदा। इस प्रदर्शन के साथ सिएरा लिस्ट में छठे नंबर पर रही और मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा से बेहद मामूली अंतर से पीछे रह गई, जिसे 7,030 यूनिट्स की बिक्री मिली।
दिलचस्प बात यह है कि टाटा सिएरा ने जनवरी में होंडा एलिवेट, टाटा कर्व, फॉक्सवैगन टाइगुन, स्कोडा कुशाक और एमजी एस्टर जैसी गाड़ियों को पीछे छोड़ दिया। टॉप 10 SUVs में पहले नंबर पर हुंडई क्रेटा, दूसरे पर मारुति विक्टोरिस, तीसरे पर किआ सेल्टोस और चौथे नंबर पर टोयोटा हाइराइडर रही।
टाटा सिएरा की कीमत
टाटा सिएरा की डिलीवरी 15 दिसंबर 2025 से शुरू हो चुकी है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 11.49 लाख रुपये रखी गई है। मिड-रेंज SUV सेगमेंट में यह उन ग्राहकों के लिए आकर्षक विकल्प बनकर सामने आई है जो स्टाइल, फीचर्स और दमदार ब्रांड वैल्यू चाहते हैं। रेट्रो डिजाइन, आधुनिक केबिन, अलग-अलग इंजन विकल्प और कुल 7 वेरिएंट इसे बाजार में अलग पहचान देते हैं।
टाटा सिएरा के फीचर्स
2025 टाटा सिएरा कंपनी की सबसे ज्यादा फीचर-लोडेड SUVs में से एक है। इसमें 12.3 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है, जो वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले सपोर्ट करता है। इसके अलावा 10.25 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और आगे बैठे पैसेंजर के लिए अलग से 12.3 इंच की स्क्रीन भी मिलती है।
SUV में पैनोरमिक सनरूफ, वेंटिलेटेड सीटें, 12-स्पीकर JBL साउंड सिस्टम, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, रेन-सेंसिंग वाइपर, मैनुअल बॉस मोड और की-लेस एंट्री के साथ पुश-बटन स्टार्ट/स्टॉप जैसे फीचर्स दिए गए हैं। सेफ्टी के लिहाज से इसमें लेवल-2 ADAS टेक्नोलॉजी भी शामिल की गई है।



