आ गई रेनॉ की नई ‘फिलातें’: खुद से चार्ज हो सकती है ये हाइब्रिड कार, बेहद धांसू लुक
नई दिल्ली। रेनॉ ने अपनी नई प्रीमियम क्रॉसओवर SUV फिलांते पेश कर दी है। यह SUV कंपनी की 2027 इंटरनेशनल गेम प्लान का अहम हिस्सा है, जिसका मकसद एशियाई और मिडिल ईस्ट बाजारों में ब्रांड की मौजूदगी मजबूत करना है। फिलांते एक फुल हाइब्रिड SUV है, जो रेनॉ की प्रीमियम सेगमेंट में वापसी को दिखाती है। इसका डिजाइन फ्यूचरिस्टिक है और केबिन में हाई-टेक फीचर्स के साथ लाउंज जैसा आराम मिलता है। यह SUV वोल्वो XC90, ऑडी Q7 और लेक्सस RX जैसी प्रीमियम SUVs को टक्कर देगी।
डिजाइन और बाहरी लुक
फिलांते का फ्रंट लुक दमदार है, जिसमें एयरोडायनामिक क्रीज और मॉडर्न लाइटिंग सिग्नेचर दिया गया है। इसमें ट्विन-बैरेल LED हेडलैंप और बंपर के दोनों ओर शार्प LED DRLs हैं। ग्रिल डिजाइन में छोटे LED एलिमेंट्स लगाए गए हैं, जो SUV को अलग लुक देते हैं। साइड प्रोफाइल में शार्प लाइनें और क्रीज दिखती हैं, जो पीछे बड़े बंपर और लेयर्ड डिजाइन के साथ खत्म होती हैं।
केबिन और टेक्नोलॉजी
केबिन में कदम रखते ही फ्यूचरिस्टिक अंदाज साफ नजर आता है। इसमें बड़ा ग्लास रूफ और लाउंज जैसी आरामदायक सीटें दी गई हैं। फिलांते की लंबाई 4,915 मिमी और व्हीलबेस 2,820 मिमी है, जिससे यह रेनॉ की सबसे लंबी कार बन गई है। पीछे 320 मिमी लेगरूम, 874 मिमी हेडरूम और 654 लीटर का बूट स्पेस दिया गया है। इसमें तीन 12.3-इंच की डिजिटल स्क्रीन हैं, जो इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, इंफोटेनमेंट और पैसेंजर डिस्प्ले का काम करती हैं। ड्राइवर के लिए 25.6-इंच का ऑगमेंटेड रियलिटी हेड-अप डिस्प्ले भी मौजूद है।

हाइब्रिड पावरट्रेन
फिलांते को Geely से ली गई CMA प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है, जो वोल्वो XC40 में भी इस्तेमाल होती है। इसमें रेनॉ का E-Tech 250 हाइब्रिड सिस्टम है, जिसमें 1.5-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन, दो इलेक्ट्रिक मोटर और 1.64 kWh की बैटरी शामिल है। 3-स्पीड DHT Pro ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के जरिए यह SUV 247 hp की पावर और 565 Nm टॉर्क देती है।
लॉन्च और उपलब्धता
फिलांते का प्रोडक्शन दक्षिण कोरिया के बुसान प्लांट में होगा और इसे मार्च 2026 में लॉन्च किया जाएगा। यह SUV साउथ अमेरिका और खाड़ी देशों में एक्सपोर्ट की जाएगी, लेकिन फिलहाल भारत में लॉन्च की कोई योजना नहीं है।

