रणबीर कपूर के परदादा ने निभाया था राम, अब दीपावली पर स्क्रीन पर होगी अग्निपरीक्षा

ranbir-kapoor-3-1775151634

रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ का टीजर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर खूब चर्चा शुरू हो गई है। फिल्म के वीएफएक्स, बड़ा बजट और स्टारकास्ट को लेकर लोग अपने रिएक्शन दे रहे हैं। टीजर में बिना किसी डायलॉग के केवल झलकियां दिखाई गई हैं, लेकिन रणबीर कपूर की अदाकारी को दर्शकों ने खूब सराहा। वहीं, यह फिल्म रणबीर के परिवार के लिए और भी खास है क्योंकि उनके परदादा पृथ्वीराज कपूर ने 1933 में आई फिल्म ‘सीता’ में भगवान राम का किरदार निभाया था।

परिवार के लिए यादगार पल

देबाकी बोस निर्देशित और ईस्ट इंडिया फिल्म कंपनी द्वारा निर्मित ‘सीता’ बंगाली टॉकी फिल्मों के इतिहास में मील का पत्थर मानी जाती है। यह अंतरराष्ट्रीय पहचान पाने वाली पहली भारतीय टॉकी फिल्म थी और 1934 में वेनिस अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में इसे मानद डिप्लोमा से सम्मानित किया गया। फिल्म में दुर्गा खोटे ने सीता का रोल निभाया, गुल हामिद लक्ष्मण और त्रिलोक कपूर लव के किरदार में थे। लगभग एक सदी बाद रणबीर कपूर वही प्रतिष्ठित भगवान राम का रोल निभा रहे हैं, जिससे उनके परिवार के लिए यह बेहद यादगार अवसर बन गया है।

दीपावली पर होगी अग्निपरीक्षा

‘रामायण’ मेगा बजट के साथ 4000 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जा रही है और इसे दो भागों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म की कमान डायरेक्टर नितेश तिवारी संभाल रहे हैं और हॉलीवुड की आठ बार ऑस्कर विजेता वीएफएक्स कंपनी इसके विजुअल इफेक्ट्स तैयार कर रही है। फिल्म में केजीएफ स्टार यश रावण के रोल में, साई पल्लवि सीता और रवि दुबे लक्ष्मण के रूप में नजर आएंगे। पहला भाग इसी साल दीपावली के आस-पास रिलीज होने वाला है। अब दर्शकों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या फिल्म में उन्हें महाकाव्य में कुछ नया और भव्य देखने को मिलेगा।

एक नज़र